आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मनीष पांडे 38 गेंद में 62 रन बनाकर भी विलेन बने
खेल के मैदान पर कई बार खिलाड़ी के प्रदर्शन से ज़्यादा, उसके प्रदर्शन का नतीजा अहम हो जाता है.
आईपीएल 2018 के 51वें मैच में यही हुआ. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच खेले गए इस रोमांचक मैच में हैदराबाद के बल्लेबाज़ मनीष पांडे ने 38 गेंदों पर 62 रन बनाए, लेकिन फिर भी वह 'विलेन' बन गए.
163 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी करने के बाद भी हैदराबाद समर्थक क्रिकेटप्रेमियों ने सोशल मीडिया पर उनकी ख़ूब आलोचना की.
हुआ दरअसल यूं कि विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम बेंगलुरु ने पहले खेलते हुए 218 रनों का लक्ष्य रखा. एबी डिविलियर्स ने 69 और मोइन अली ने 65 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद टीम की शुरुआत ख़ास नहीं रही और दारोमदार कप्तान केन विलियमसन और मनीष पांडे पर आ गया. विलियमसन ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 42 गेंदों में 81 रन बनाए. दूसरे छोर से मनीष पांडे भी अच्छा साथ निभाते रहे.
दो ओवर शेष रहते हैदराबाद को 35 रन चाहिए थे और विलियमसन और मनीष क्रीज़ पर थे. 19वें ओवर में 15 रन आए. अब आख़िरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 20 रनों की ज़रूरत थी लेकिन पहली ही गेंद पर विलियमसन के शॉट को ग्रैंडहॉम ने लपक लिया.
अब पांच गेंदों में 20 रन चाहिए थे, लेकिन मनीष पांडे और दीपक हुड्डा की जोड़ी सिर्फ पांच रन जोड़ सकी और हैदराबाद मैच हार गई.
इसके बाद सोशल मीडिया पर मनीष पांडे की इस बात के लिए आलोचना शुरू हो गई कि आख़िरी ओवर में उन्होंने पारंपरिक क्रिकेट शॉट्स के बजाय अजीबोगरीब शॉट लगाने की कोशिश की.
रजनीश गुप्ता ने उनकी इस पारी को तीन हिस्सों में बांटकर बताया कि उन्होंने पहली 12 गेंदों पर छह, अगली 19 पर 48 और आख़िरी सात गेंदों पर आठ रन बनाए.
विनायक ने लिखा कि मनीष पांडे को बल्ले के पिछले हिस्से से शॉट लगाने की कोशिशों के लिए 'नई सोच' अवॉर्ड मिलना चाहिए.
वामसी काका ने लिखा, "काफ़ी इंतज़ार कर लिया और अब यह कहना ही पड़ेगा कि मनीष पांडे हैदराबाद टीम और उसके प्रशंसकों के लिए एक बड़ी निराशा की वजह हैं."
@1sInto2s ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि मनीष पांडे धोनी की तरह खेल को आख़िरी ओवर तक ले गए, लेकिन उसे उनकी तरह पूरा करना भूल गए.
स्वप्निल सूर्यवंशी ने लिखा कि मनीष पांडे का इंस्टाग्राम हुनर उनके बल्लेबाज़ी के हुनर से बेहतर है.
इमरान ख़ान ने लिखा कि मनीष पांडे बेंगलुरु टीम के 12वें खिलाड़ी हैं.
इस मैच में जीत के बाद प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही बेंगलुरु की टीम को कुछ राहत मिली है. 12 अंकों के साथ अब वह मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के साथ संयुक्त रूप से पांचवें नंबर पर पहुंच गई है. शनिवार को जयपुर वह राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी.
हैदराबाद अब भी अंक तालिका में पहले नंबर पर है और उसके 18 अंक हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स क्रमश: 16 और 14 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं.