आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जब पहला गोल दागने के बाद सुनील छेत्री पाकिस्तानी फैंस की तरफ दौड़ पड़े थे
भारतीय फ़ुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री सोमवार को अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे.
छेत्री मुंबई में इंटरनेशनल कप के लिए केन्या के ख़िलाफ़ मैदान में उतरेंगे. इस मुक़ाबले से पहले सुनील छेत्री ने रविवार को भारत के लिए खेले अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच को याद किया.
प्रैक्टिस सेशन के पहले उन्होंने मुंबई फुटबॉल एरिना में संवाददाताओं को बताया कि किस तरह उन्होंने अपने पहले गोल का जश्न पाकिस्तानी दर्शकों के साथ मनाया था.
उन्होंने कहा, "मुझे अभी भी भारत के लिए खेला गया अपना पहला मैच याद है. हमलोग पाकिस्तान में थे और नबी दा (सैयद रहीम नबी) और मैं टीम में नए खिलाड़ी थे."
"हम जानते थे कि शायद हमें मैदान में न भेजा जाए, लेकिन सुखी सर (सुखविंदर सिंह) ने हम दोनों को खेलने का मौका दिया. मैंने अपना पहला गोल किया और उत्साहित होकर मैं पाकिस्तानी प्रशंसकों की तरफ दौड़ पड़ा और जश्न मनाने लगा."
छेत्री की अपील
इससे पहले, सुनील छेत्री ने शनिवार को ट्विटर पर एक वीडियो के जरिए दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुँचने की भावुक अपील की. उन्होंने कहा, "आप हमें गालियां दो, आलोचना करो, लेकिन भारतीय फुटबॉल टीम का खेल देखने के लिए स्टेडियम आओ."
उन्होंने कहा कि अगर दर्शक देखने आते हैं तो उनकी टीम का उत्साह बढ़ेगा और वो और अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे.
33 साल के इस खिलाड़ी ने यह अपील तब की जब भारतीय फुटबॉल टीम के पिछले मैच में महज 2,569 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे.
हाल ही में जारी फीफा रैंकिंग में भारतीय टीम 97वें स्थान पर पहुंच गई है. चार देशों के बीच हो रहे टूर्नामेंट के पहले मैच में भारतीय टीम 'ब्लू टाइगर्स' ने बीते शुक्रवार को चीनी ताइपे को 5-0 से हराया.
इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड और केन्या भी शामिल हैं.
हैट्रिक करने वाले सुनील छेत्री ने आगे कहा, "उन सभी के लिए, जो भारतीय फुटबॉल टीम से उम्मीद नहीं रखते, जो उम्मीद खो चुके हैं, हमलोग उनसे अपील करते हैं कि स्टेडियम में आएं और हमारा मैच देखें."
उन्होंने आगे कहा, "कभी-कभी आपको यह लगेगा कि आप अपना समय क्यों बर्बाद करेंगे. मैं मानता हूं कि हमारा स्तर बहुत अच्छा नहीं है, पर हम कोशिश करेंगे कि इसे और बेहतर बनाएं."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)