आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी: भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया
नीदरलैंड के ब्रेदा में खेले गए पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफ़ी के पहले मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया है. इस मैच की ख़ासियत यह रही कि भारतीय टीम ने आख़िर के दस मिनटों में तीन गोल किए.
पहले क्वॉर्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुक़ाबला देखने को मिला और इस दौरान कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई. इसके अगले क्वॉर्टर में भारत को हाफ़ टाइम से ठीक पहले गोल करने में क़ामयाबी मिली.
रमनदीप सिंह ने 25वें मिनट में गोल करते हुए भारत को 1-0 से बढ़त दिलाई जो आख़िरी क्वॉर्टर तक बरकरार रही.
दूसरे और तीसरे क्वॉर्टर में कोई गोल नहीं
रमनदीप के गोल के बाद दोनों टीमें दूसरे और तीसरे क्वॉर्टर में गोल करने के लिए जूझती रहीं मगर उन्हें क़ामयाबी नहीं मिली.
खेल ख़त्म होने को 10 मिनट बचे थे कि दिलप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल कर दिया.
इसके बाद पाकिस्तान की टीम ने अपनी रणनीति बदली और गोल करने की चाह में वह गोल कीपर को अटैकिंग पोज़िशन पर ले आई. मगर यह दांव उल्टा पड़ गया और मनदीप सिंह ने भारत के लिए तीसरा गोल कर दिया.
खेल ख़त्म होने की विसल बजने से कुछ ही समय पहले ललित ने भारत के लिए चौथा गोल दागा. 59वें मिनट में किए गए इस गोल की मदद से भारत अपनी चिरप्रतिद्वंद्वी टीम पर 4-0 से जीत हासिल करने में क़ामयाब रहा.
हॉकी चैंपियंस ट्रॉफ़ी में हॉकी की छह टॉप टीमें खेलती हैं. इस टूर्नामेंट में भारत के अगले मुक़ाबले अर्जेंटीना (24 जून), ऑस्ट्रेलिया (27जून), बेल्जियम (28 जून) और नीदरलैंड (30 जून) के साथ होंगे.
इन्हें भी पढ़ें-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)