आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
विराट कोहली बने सबसे तेज़ 10 हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज़
INDvsWI मैच में अब तक:
- भारत ने छह विकेट के नुकसान पर बनाये 321 रन
- विराट कोहली ने नाबाद 157 रन और अंबाती रायडू ने 73 रन की पारी खेली
- सिरीज़ का ये दूसरा मैच है जो विशाखापट्टनम के डॉक्टर वाईएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जा रहा है
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.
विराट कोहली ने विशाखापट्टनम में बुधवार को खेले गए मैच को मिलाकर, कुल 213 वनडे मुक़ाबलों की 205 पारियों में ये कारनामा कर दिखाया है.
इससे पहले सबसे कम वनडे मैचों में ये रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के नाम था. सचिन ने 266वां वनडे खेलते हुए 259वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी.
विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और महेंद्र सिंह धोनी के बाद इस मुकाम तक पहुँचने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
इस रिकॉर्ड के अलावा विराट कोहली भारतीय पिचों पर 4,000 से ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं.
एक और रिकॉर्ड
विराट कोहली वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.
उन्होंने विशाखापट्टनम में अपनी ज़ोरदार पारी की बदौलत सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा.
सचिन ने 39 पारियों में 1573 रन बनाए थे. विराट ने महज़ 29 पारियों में सचिन के रिकॉर्ड को वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ सर्वाधिक वनडे रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा.
'ये नया सॉफ़्टवेयर है'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया है कि "सॉफ़्टवेयर हमेशा अपडेट होता रहता है. खेल में बढ़िया सामंजस्य बना रहे तो एक खिलाड़ी क्या कर सकता है, ये विराट कोहली ने बता दिया है. अब से 11 पारी पहले विराट ने 9 हज़ार रन पूरे किये थे और अब उनके दस हज़ार रन पूरे हो चुके हैं और 37 शतक भी."
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ और वीवीएस लक्ष्मण ने भी कोहली के खेल की तारीफ़ की है.
सुरेश रैना ने ट्वीट किया है कि "सेंचुरी पर सेंचुरी बार-बार, रन हुए पूरे दस हज़ार".
कुछ लोग विराट कोहली के आठ साल पुराने ट्वीट को शेयर कर रहे हैं. इनमें बहुत से लोगों ने लिखा है कि विराट ने जैसा कहा, वो वैसा ही कर रहे हैं.
16 मार्च 2010 को किए इस ट्वीट में विराट ने लिखा था, "मैं अपनी टीम के लिए बहुत सारे रन बनाने को तत्पर हूँ."
क्रिकेट विश्लेषक गौरव सुंदरारमन ने ट्वीट किया है कि "साल 2018 में विराट कोहली का औसत अविश्वसनीय रहा है. ये है 149.42. यानी इस साल खेले गए हर वनडे मैच में उन्होंने औसतन 149 रन बनाये हैं."
हर मौक़े पर धोनी
ट्विटर यूज़र प्रशांत पारेख ने ट्वीट किया है कि "महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट में अहम मौक़ों के गवाह रहे हैं. जब युवराज ने छह छक्के मारे, जब सचिन ने 200 रन पूरे किए, जब भारत ने 2011 का वर्ल्ड कप जीता, रोहित ने 200 रन बनाए और विराट कोहली ने दस हज़ार रन पूरे किए. इन सभी मौक़ों पर महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर थे."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)