आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
Ind Vs Aus: पुजारा ने सिडनी टेस्ट में जड़ा शतक, भारत 303/4
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे चौथे और अंतिम टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा के शतक की बदौलत पहले दिन चार विकेट पर 303 रन बना लिया है.
पहले दिन का खेल पूरा होने तक पुजारा 130 और हनुमा विहारी 39 रन पर खेल रहे थे.
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फ़ैसला किया. ओपनर मयंक अग्रवाल ने 77, के एल राहुल ने 9, कोहली ने 23 और अजिंक्य रहाणे ने 18 रन बनाए.
पुजारा का चौथे टेस्ट मैच में यह तीसरा शतक है. ए़डिलेड में पहले टेस्ट मैच में उन्होंने 123 रनों और मेलबर्न में तीसरे टेस्ट में 106 रनों की पारी खेली थी.
भारत सिरीज़ में 2-1 से आगे है. भारत अगर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ यह टेस्ट मैच जीतने में सफल होता है तो ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर भारत पहली बार टेस्ट सीरीज़ जीतने में सफल होगा.
पहला दिन
आज दिन में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया लेकिन भारतीय टीम की शुरुआत ख़ासी ख़राब रही.
मयंक अग्रवाल और के.एल. राहुल ओपनिंग करने आए लेकिन दूसरे ओवर की तीसरी ही गेंद पर राहुल 9 रन बनाकर जॉश हैज़लवुड की गेंद पर शॉन मार्श को कैच थमा बैठे.
वहीं, मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा ने मिलकर भारतीय टीम की रनगति को आगे बढ़ाया लेकिन शानदार तरीक़े से खेलते हुए मयंक 34वें ओवर में 77 रन बनाकर नेथन लेयॉन की गेंद पर कैच आउट हो गए. उन्होंने 112 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से इतने रन बनाए.
मयंक अग्रवाल ने हाल ही में बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में डेब्यू किया था और उन्होंने पहली पारी में शानदार 76 रन बनाए थे.
काली पट्टी बांधकर उतरी टीम
बुधवार को सचिन तेंदुलकर, विनोद कांबली और प्रवीण आमरे जैसे क्रिकेटरों के कोच रह रमाकांत अचरेकर के निधन के बाद भारतीय क्रिकेट टीम उनके सम्मान में बाईं बाज़ू पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरी.
भारतीय टीम ने इस मैच में स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और तेज़ गेंदबाज़ ईशांत शर्मा को आराम दिया है.
वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी टीम में बदलाव किया है. ऑस्ट्रेलिया ने एरन फ़िंच और मिचेल मार्श की जगह मार्नस लेबसकेगनी और पीटर हैंड्सकंब को जगह दी है.
अश्विन के चौथे टेस्ट से बाहर होने की आशंकाओं पर कप्तान विराट कोहली पहले ही हताशा जता चुके हैं. उन्होंने बुधवार को प्रेस कॉन्फ़्रेस में कहा था कि ऑफ़ स्पिनर का फ़ाइनल मैच न खेल पाना 'बेहद निराशाजनक' है.
अश्विन की जगह स्पिन का ज़िम्मा अब कुलदीप यादव और रविंद जडेजा के कंधों पर है. वहीं, ईशांत शर्मा के बाहर होने के बाद मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह पर तेज़ गेंदबाज़ी की पूरी ज़िम्मेदारी है.
ये भी पढे़ं:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)