आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
INDvsNZ: भारत ने 90 रनों से जीता दूसरा वनडे, सिरीज़ में 2-0 की बढ़त
भारत ने न्यूज़ीलैंड को दूसरे वनडे मैच में 90 रनों से हराकर पांच मैचों की सिरीज़ में 2-0 से बढ़त ले ली है.
माउंट मोनगानूई में खेले गए दूसरे वनडे मुक़ाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड के सामने जीत के लिए 325 रन की चुनौती रखी लेकिन न्यूज़ीलैंड की टीम 40.2 ओवरों में 234 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.
मेज़बान न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ एक बार फिर स्पिनर कुलदीप यादव की घूमती गेंदों के जाल में फंस गए.
कुलदीप ने पहले वनडे की तरह ही इस मैच में भी चार विकेट चटकाए. उनके अलावा युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो जबकि केदार जाधव और मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट लिए.
न्यूज़ीलैंड की तरफ से डग ब्रैसवेल ने सर्वाधिक 57 रन बनाए.
इस से पहले टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट पर 324 रन बनाए.
भारत को पहले रोहित शर्मा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई. ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 154 रन जोड़े. आखिरी ओवरों में महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव ने तेज़ी के साथ 53 रन की नाबाद साझेदारी की. ये रन सिर्फ 4.2 ओवरों में बने.
भारत ने आखिरी ओवर में 21 रन बनाए. ओवर की पहली तीन गेंदों पर जाधव ने दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 14 रन जुटाए. चौथी गेंद पर उन्होंने एक रन दिया. धोनी ने आखिरी दो गेंदों में एक चौके की मदद से छह रन बनाए.
भारत ने आखिरी सात ओवरों में 70 रन जोड़े. धोनी 33 गेंदों में 48 और जाधव 10 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद रहे. 33 गेंदों की पारी में धोनी ने पांच चौके और एक छक्का जमाया. वहीं केदार जाधव ने तीन चौके और एक छक्का जड़ा.
इसके पहले ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन ने बड़े स्कोर का आधार तैयार किया. इन दोनों ने नवें ओवर में 50 रन की साझेदारी पूरी करते हुए कप्तान विराट कोहली के टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनने के फ़ैसले को सही साबित कर दिया.
इन दोनों ने 18वें ओवर में शतकीय साझेदारी पूरी कर ली. वनडे क्रिकेट में रोहित और शिखर की जोड़ी ने 14वीं बार शतकीय साझेदारी की.
रोहित ने बनाए 87 रन
रोहित शर्मा ने छक्का जमाकर हाफ सेंचुरी पूरी की. पचास रन तक पहुंचने में उन्होंने 62 गेंदों का सामना किया.
शिखर धवन ने 21 वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. उन्होंने पचास रन तक पहुंचने में 53 गेंदों का सामना किया.
भारतीय ओपनरों के बीच 150 रन की साझेदारी 146 गेंदों पर पूरी हुई. धवन 66 रन बनाकर बोल्ट की गेंद पर आउट हुए.
रोहित शर्मा 96 गेंदों पर 87 रन बनाकर फर्गुसन की गेंद पर आउट हुए. अपनी शानदार बल्लेबाज़ी के लिए रोहित 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' बने.
तीसरे नंबर पर आए कप्तान विराट कोहली अच्छी लय में दिख रहे थे. उन्होंने 45 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 43 रन बनाए. कोहली बोल्ट की गेंद पर आउट हुए. अंबाती रायडू ने 49 गेंदों में 47 रन बनाए. इसके बाद धोनी और जाधव ने मोर्चा संभाल लिया.
भारत ने नेपियर में खेले गए पहले वनडे मैच में न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से मात दी थी और पांच मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली थी.
शनिवार के मैच में भारत ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है.
अब दोनों टीमों के बीच तीसरा वनडे 28 जनवरी को खेला जाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)