आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
INDvsNZ: भारत ने न्यूज़ीलैंड को 35 रनों से हराया
भारत ने न्यूज़ीलैंड को पांचवें वनडे मैच में 35 रनों से हरा दिया है.
भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड के सामने 253 रनों का लक्ष्य रखा था. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम 217 रन पर सिमट गई.
न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से जेडीएस नीशाम ने 44 और लेथम ने 37 रन बनाए. भारत के यजुवेंद्र चहल ने तीन विकेट झटके.
मोहम्मद शमी और हार्दिक पंड्या भी दो-दो विकेट लेने में कामयाब रहे. मोहम्मद शमी मैन ऑफ द सिरीज़ रहे.
इससे पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय बल्लेबाज़ अंबाति रायडू ने 90 रन बनाए थे. अंबाति मैन ऑफ द मैच रहे.
भारत की तरफ़ से पंड्या और विजय शंकर के बल्ले से 45-45 रन निकले.
न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से एमजे हेनरी ने सबसे ज़्यादा चार विकेट झटके थे.
पांच मैचों की सिरीज़ में भारत ने कुल चार मैच जीते और न्यूज़ीलैंड सिर्फ़ एक मैच ही जीत पाया. हालांकि न्यूज़ीलैंड की ये इकलौती जीत भारत के लिए काफी शर्मनाक रही थी. टीम इंडिया इस मैच में महज़ 92 रन बना पाई थी.
शतक से चूके रायडू
एक समय पर 18 रन पर चार विकेट गंवाने वाली भारतीय टीम ने 49.5 ओवरों में 252 रन बनाए.
पहले 10 ओवरों में कप्तान रोहित शर्मा का यह फ़ैसला सही साबित होता नहीं दिखा क्योंकि तब तक भारत के शुरुआती चार बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे.
पहले 10 ओवर में 18 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद अंबाति रायडू और विजय शंकर ने पांचवे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की और फिर रायडू और केदार जाधव के बीच अर्धशतकीय साझेदारी से भारतीय पारी संभली. दोनों ने छठे विकेट के लिए 74 रन जोड़े.
रायडू शतक से चूक गए और 90 रनों की बेशकीमती पारी खेली. वहीं विजय शंकर ने 45 रन और जाधव ने 34 रन बनाए.
बाद में हार्दिक पंड्या ने भी अपना हुनर दिखाया और महज 22 गेंदों पर पांच छक्के और दो चौके लगाकर बेहद तेज़ 45 रन जोड़े जिससे भारतीय पारी की रन गति पांच से ऊपर जा पहुंची.
18 पर गिरे चार विकेट
वेलिंगटन के वेस्टपैक मैदान में जब टॉस जीतकर रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया तो अनुभवी ट्रेंट बोल्ट के साथ 27 वर्षीय मैट हेनरी भारतीय टीम पर शुरुआती मुसीबत बन कर टूटे.
बोल्ट ने इसी मैदान पर चौथे वनडे में पांच विकेट लेकर भारत की कमर तोड़ी थी और इस मैच में भी उन्होंने अपने पहले पांच ओवर में दो विकेट चटका दिये.
दोनों ने बेहद कसी हुई गेंदबाज़ी की और भारतीय टीम 10 ओवरों में चार विकेट गंवाकर बैकफुट पर आ गई.
हेनरी ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को महज दो रन पर बोल्ड किया और फिर बोल्ट की गेंदबाज़ी पर शिखर धवन (06) का कैच लपका.
इसके बाद हेनरी ने अपना दूसरा वनडे खेल रहे शुभमन गिल को चलता किया. शुभमन केवल 7 रन बना सके.
फिर बोल्ट ने धोनी को बोल्ड कर भारत की परेशानी बढ़ा दी. धोनी महज एक रन बना सके.
न्यूज़ीलैंड की तरफ से बोल्ट ने तीन और नीशाम ने एक विकेट लिए.
कब कितने रनों पर विकेट गिरे?
8-1 (रोहित शर्मा, 4.1), 12-2 (शिखर धवन, 5.5), 17-3 (शुभमन गिल, 6.6), 18-4 (महेंद्र सिंह धोनी, 9.3), 116-5 (विजय शंकर, 31.5), 190-6 (अंबाति रायडू, 43.2), 203-7 (केदार जाधव, 45.2), 248-8 (हार्दिक पंड्या, 48.6), 252-8 (भुवनेश्वर कुमार, 49.4), 252-10 (मोहम्मद शमी, 49.5)
भारतीय टीम में हुए थे तीन बदलाव
पांच मैचों की सिरीज़ भारत पहले ही जीत चुका है लेकिन 3-0 से आगे होने के बाद चौथे मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारतीय बल्लेबाज़ों की अपनी तेज़ गेंदों पर नचाया और पांचवे मैच में एक बार फिर भारतीय टॉप ऑर्डर तेज़ गेंदों को खेलने में असहज महसूस किया.
पांचवें वनडे के लिए भारतीय टीम ने तीन बदलाव किए थे.
दिनेश कार्तिक की जगह धोनी, खलील की जगह मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव की जगह ऑलराउंडर विजय शंकर को टीम में जगह दी गई थी.
वहीं न्यूजीलैंड ने चोटिल मार्टिन गप्टिल की जगह कोलिन मुनरो को टीम में शामिल किया है.
टीमें:
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, अंबाति रायडू, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, हार्दिक पंड्या, विजय शंकर, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और युजवेंद्र चहल.
न्यूजीलैंड: केन विलियम्स (कप्तान), हेनरी निकोलस, कोलिन मुनरो, रॉस टेलर, टॉम लैथम, जेम्स नीशाम, मिशेल स्टैनर, कोलिन डि ग्रैन्डहोम, टॉड एस्ले, मैट हेनरी और ट्रेंट बोल्ट.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)