आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
INDvsNZ: निर्णायक टी20 मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 4 रन से हराया
न्यूज़ीलैंड ने हेमिल्टन में तीसरे टी20 मुक़ाबले में भारत को चार रन से हरा दिया है. इसके साथ ही तीन मैचों की सिरीज़ न्यूज़ीलैंड ने 2-1 से जीत ली है.
न्यूज़ीलैंड ने सिरीज़ के अंतिम टी-20 मुक़ाबले में भारत के सामने 213 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 208 रन ही बना सकी.
क्रिकेट में कहा जाता है 'पकड़ो कैच, जीतो मैच'. लेकिन हेमिल्टन में भारतीय खिलाड़ी इस मंत्र को भूलते हुए नज़र आए. पूरे मुक़ाबले में कई मैच टपकाए गए. अकेले हार्दिक पंड्या के चार ओवरों में चार कैच छूटे.
मैच के पाँचवें ओवर में विजय शंकर ने पंड्या की गेंद पर मुनरो का कैच टपकाया. इसी तरह पारी के 13वें ओवर में पंड्या की गेंद पर मुनरो का कैच खलील अहमद ने छोड़ा. इसी ओवर में थर्ड मैन पर ऋषभ पंत ने मुनरो को एक और जीवनदान दिया. अठारहवें ओवर में ग्रांडहोम के एक तेज़ शॉट को एक्स्ट्रा कवर में रोहित शर्मा ने लपकने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे.
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शिखर धवन 5 रन पर ही पवैलियन चलते बने. इसके बाद विजय शंकर और रोहित शर्मा के बीच 75 रनों की साझेदारी हुई. ऋषभ पंत ने 12 गेंदों पर 28 रन की तूफ़ानी पारी खेली.
भारतीय पारी में कप्तान रोहित शर्मा ने 38 रन, विजय शंकर ने 43 रन बनाए. दिनेश कार्तिक 33 रन और हार्दिक पंड्या 26 रन बनाकर नाबाद रहे.
न्यूज़ीलैंड की पारी
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट पर 212 रन बनाए.
टिम सेइफर्ट और कॉलिन मुनरो ने पहले विकेट के लिए 7.4 ओवरों में 80 रन जोड़े.
टिम सेइफर्ट ने 25 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 43 रन बनाए.
भारत को पहली कामयाबी के लिए आठवें ओवर तक इंतज़ार करना पड़ा जब कुलदीप यादव की गेंद पर सेईफर्ट को एमएस धोनी ने स्टंप किया.
इसके बाद कुलदीप ने कॉलिन मुनरो का बेशक़ीमती विकेट हासिल किया, जिन्होंने आउट होने से पहले 40 गेंदों पर 72 रन ठोके दिए.
मुनरो ने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के जमाए.
भारतीय टीम ने इस मुक़ाबले के लिए अपनी टीम में केवल एक बदलाव किया. यजुवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)