आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
विश्व कप 2019: विराट कोहली ने सबसे तेज बनाए 20 हज़ार रन
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 20 हज़ार रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है.
इंग्लैंड के ओल्ड ट्रेफर्ड स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में कोहली ने 72 रन बनाए.
इनमें से शुरुआती 37 रन बनते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 20,000 रन बनाने का रिकॉर्ड कोहली के नाम हो गया था.
कोहली ने 417 मैचों में 20,000 रन बनाए हैं जिनमें 131 टेस्ट्स, 224 वनडे और 62 टी-20 मैच शामिल हैं.
इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा के नाम पर था.
दोनों ही खिलाड़ियों ने 453 मैचों में ये रिकॉर्ड बनाया था.
लारा और सचिन के बाद इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रहे रिकी पॉन्टिंग का नाम आता है जिन्होंने 468 मैचों में 20 हज़ार रन बनाए थे.
20 हज़ार क्लब में शामिल
अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए चर्चित कोहली इस रिकॉर्ड के साथ ही 20 हज़ार रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज़ बन गए हैं.
इससे पहले सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ 20 हज़ार रन बना चुके हैं.
तेंदुलकर ने अपने पूरे क्रिकेट करियर में 34,357 और द्रविड़ ने 24,208 रन बनाए हैं.
सोशल मीडिया पर जश्न
सोशल मीडिया पर विराट कोहली के समर्थकों ने अपने अपने अंदाज़ में बधाई देना शुरू कर दिया है.
@SisodiaPrerit नाम के ट्विटर यूज़र लिखते हैं, "विराट कोहली 20,000 रन बनाकर कुछ ऐसा महसूस कर रहे होंगे."
ट्विटर यूज़र @DanishSait दानिश सेत ने लिखा है, "विराट कोहली शानदार है. 20 हज़ार रन अभी ही बना लिए हैं. वो लगातार ऐसा कैसे कर लेते हैं, उनसे काफ़ी कुछ सीखने की ज़रूरत है. ये क्रिकेट से कहीं आगे बढ़कर है. ये पेशवर अंदाज़, भरोसे और ज़िम्मेदारी से भरा है. हम से कोई भी अपने काम को हल्के ढंग से नहीं ले सकते. कोहली भी अपनी बैटिंग को ऐसे ही लेते हैं."
ट्विटर यूज़र @Shubham49302203 शुभम मकवाना लिखते हैं, "शानदार खिलाड़ी हैं विराट कोहली, सबसे तेज 20 हज़ार रन बनाने वाले बल्लेबाज. क्या बेहतरीन उपलब्धि है विराट कोहली की. कोहली ऐसा करने वाले भारत के तीसरे खिलाड़ी हैं."
विराट कोहली इससे पहले सबसे तेज 11 हज़ार रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)