आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सिंधु की जीत पर निसार मोदी और सचिन तेंदुलकर
"हमें गोल्ड मेडल का ही इंतज़ार था. उसने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी."
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु के स्विट्ज़रलैंड में कामयाबी का नया इतिहास रचने की ख़बर जैसे ही आई, उनकी मां पी विजया की ये पहली प्रतिक्रिया थी.
गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय
चेहरे पर हंसी और उमड़ती भावनाओं को काबू करते सिंधु की मां ने कहा, "हम बहुत खुश हैं."
सिंधु ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में जापान की नोज़ोमी ओकुहारा को ख़िताबी मुक़ाबले में हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया.
सिंधु ने वो कामयाबी हासिल की है, जो अब तक भारत का कोई बैडमिंडन खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका था. वो वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड हासिल करने वाली भारत की पहली खिलाड़ी हैं.
ख़त्म हुआ गोल्ड का इंतज़ार
इसके पहले सिंधु के हाथ से भी दो बार करीबी अंतर से गोल्ड मेडल फिसल चुका था.
साल 2017 और 2018 में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था. वहीं साल 2013 और 2014 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था.
सिंधु के सुनहरे पदक का इंतज़ार सिर्फ़ उनके परिवार को ही नहीं था. सिंधु के तमाम प्रशंसक भी उनसे बड़ी कामयाबी की आस लगाए थे.
साल 2016 के रियो ओलंपिक खेलों में भारत की झोली में रजत पदक डालने वाली सिंधु ने जैसे ही जापान की नोज़ोमी को हराया, वो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगीं और जल्दी ही उनका नाम #PVSindhu ट्विटर का टॉप ट्रेंड हो गया.
सिंधु को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी. उन्होंने इसे भारत के लिए गौरव का पल बताया.
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर लिखा, "बेशुमार प्रतिभा वाली पीवी सिंधु ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया. उन्हें BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने पर बधाई. जिस जुनून और समर्पण के साथ वो बैडमिंटन खेलती हैं, वो प्रेरणा देने वाला है. पीवी सिंधु की कामयाबी खिलाड़ियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित करेगी."
क्रिकेटर मैदान पर मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर रहे भारत के पूर्व बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने भी सिंधु को बधाई दी.
सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा, "गज़ब का प्रदर्शन पीवी सिंधु! BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय बनने पर बधाई. आपने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया है."
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी समेत कई नेताओं और खिलाड़ियों ने पीवी सिंधु को उनकी कामयाबी के लिए बधाई दी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)