आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारत ने तीसरे टी-20 में बांग्लादेश को हराकर 2-1 से जीती सिरीज़, दीपक चाहर बने हीरो
नागपुर में खेले गए तीसरे टी-20 मैच में भारत ने बांग्लादेश को 30 रनों से हराकर सिरीज़ पर 2-1 से कब्ज़ा कर लिया है.
बांग्लादेश ने 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.2 ओवर में 144 रन ही बनाए. दीपक चाहर इस मैच के हीरो रहे जिन्होंने हैट्रिक भी बनाई और बांग्लादेश के कुल छह विकेट झटके.
चाहर ने मात्र 3.2 ओवर में सात रन देकर छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आउट किया. वह टी-20 में हैट्रिक लेने वाले पहले भरतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
भारत और बांग्लादेश के बीच नागपुर में रविवार को टी-20 सिरीज़ का तीसरा और आख़िरी मैच खेला गया.
इस मुक़ाबले में बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य था. एक समय जबतक बांग्लादेश के मोहम्मद नईम विकेट पर थे, तबतक मैच में रोमांच बना हुआ था.
वो 48 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 81 रनों की शानदार पारी खेलकर शिवम दुबे की गेंद पर बोल्ड हुए.
उनके अलावा मोहम्मद मिथुन ने भारतीय गेंदबाज़ों के सामने कुछ टिकने का साहस दिखाया, वो 27 रन बनाकर दीपक चहर का शिकार बनें. लेकिन बांग्लादेश के बाकी बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर सके.
लिटनदाज 9 रन बनाकर और मुशफ़िकुर रहीम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे.
भारतीय पारी
इससे पहले भारत ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 174 रन बनाए.
भारत के श्रेयस अय्यर ने जमकर बल्लेबाजी करते हुए केवल 33 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाए.
वह सौम्य सरकार की गेंद पर लिटनदाज के हाथों कैच हुए. उनके अलावा केएल राहुल ने 35 गेंदों पर सात चौकों के सहारे 52 रन बनाए. वो अल अमीन का शिकार बने.
इससे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा केवल दो रन बनाकर शफ़ीउल इस्लाम की गेंद पर बोल्ड हो गए. उनके जोड़ीदार शिखर धवन भी 16 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 19 रन बनाकर शफ़ीउल का ही शिकार बने.
आखिरी ओवरों में मनीष पांडे ने भारत की रन गति को तेज करते हुए 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 22 रन बनाए.
उनके अलावा शिवम दुबे भी 9 रन बनाकर नाबाद रहे. ऋषभ पंत की नाकामी का सिलसिला एक बार फिर जारी रहा और वो सौम्य सरकार की गेंद पर ऊंचा शॉट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए.
उनके बल्ले से केवल छह रन निकले. बांग्लादेश के अल अमीन ने 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया. उनके अलावा शफ़ीउल इस्लाम ने 32 रन देकर दो और सौम्य सरकार ने 29 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए.
कई मौके ऐसे आए जब भारतीय टीम ने रनआउट करने के मौके गंवाए, दूसरी तरफ़ बांग्लादेश की टीम ने भी कुछ मौकों पर भारतीय खिलाड़ियों के कैच छोड़, जो उन्हें आखिरकार भारी पड़े.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)