आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
#INDvsBAN : डे-नाइट टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की बांग्लादेश पर 68 रनों की बढ़त
कोलकाता के ईडन गार्डंस में शुक्रवार को दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए. इसी के साथ ही भारतीय टीम की बांग्लादेश पर 68 रनों की बढ़त हो गई है.
गुलाबी गेंद से पहली बार टेस्ट मैच खेल रही भारतीय क्रिकेट टीम ने आज ही पहली पारी में बांग्लादेश को 106 रनों पर ऑल आउट कर दिया था.
भारत-बांग्लादेश के बीच कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जा रहा यह मैच भारत का पहला दिन-रात्रि टेस्ट मैच भी है. जबकि सीरीज़ का यह दूसरा टेस्ट मैच है. पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को पारी और 130 रनों से हराया था.
भारत की शुरुआत बांग्लादेश की तरह ही रही पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले मयंक अग्रवाल इस बार 14 रन बना पाए और पांचवें ओवर में अल-अमीन हुसैन की गेंद पर कैच आउट हो गए.
इसके बाद चेतेश्वर पुजारा और रोहित शर्मा ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 13वें ओवर में रोहित शर्मा भी 21 रन बनाकर इबादत हुसैन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
चेतेश्वर पुजारा 55 रन बनाकर इबादत हुसैन की ही गेंद पर कैच आउट हुए. अभी विराट कोहली 59 रन और अजिंक्य रहाणे 23 रन बनाकर क्रीज़ पर जमे हुए हैं.
ईशांत शर्मा ने लिए पांच विकेट
वहीं, बांग्लादेश की टीम को 106 रनों पर समेटने में सबसे बड़ी भूमिका ईशांत शर्मा की रही. उन्होंने 22 रन देकर 5 विकेट लिए. पांच विकेट लेने का कारनामा ईशांत शर्मा ने दसवीं बार किया है.
वहीं, उमेश यादव ने 3 विकेट लिए. पहले टेस्ट मैच में 7 विकेट लेने वाले तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद समी ने इस मैच में 2 विकेट लिए.
इससे पहले दिन में टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
शादमान इस्लाम और इमरुल क़ैस की सलामी बल्लेबाज़ की जोड़ी ज़्यादा देर तक क्रीज़ पर नहीं टिक सकी और 7वें ओवर में ही ईशांत शर्मा ने इमरुल क़ैस को 4 रनों पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया.
लिट्टन दास हुए रिटायर्ड हर्ट
इसके बाद बांग्लादेश के बल्लेबाज़ों का आना जाना लगा रहा. सबसे अधिक रन सलामी बल्लेबाज़ शादमान इस्लाम ही बना पाए. उन्होंने कुल 29 रन बनाए और 15वें ओवर में उन्हें उमेश यादव ने विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के हाथों कैच आउट कराया.
इस दौरान बांग्लादेश के चार बल्लेबाज़ शून्य पर आउट हुए और एक रिटायर्ड हर्ट हुआ.
लिटट्न दास को मोहम्मद समी की गेंद सिर में लगी थी. इसके बाद वो थोड़ी देर खेले भी लेकिन वो बाद में रिटायर्ड हर्ट हो गए. दास ने 24 रन बनाए.
उनकी जगह मेहदी हसन मिराज़ को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया गया था लेकिन वो सिर्फ़ 8 रन ही बना सके. इस तरह से बांग्लादेश की ओर से 12 बल्लेबाज़ खेले लेकिन बांग्लादेश की पूरी टीम 31वें ओवर में ऑलआउट हो गई.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)