आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
#INDvsENG - रोहित शर्मा के शतक की बदौलत पहले दिन भारत ने 6 विकेट खोकर बनाए 300 रन
भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ का दूसरा मैच आज शनिवार को चेन्नई में शुरू हुआ, तो टीम इंडिया शुरुआत में ही लड़खड़ा गई.
दिन की शुरुआत बहुत ख़राब हुई. 86 रन के स्कोर पर ही टीम इंडिया के तीन विकेट गिर गये, जिनमें कप्तान विराट कोहली का विकेट भी शामिल था जो बिना खाता खोले ही आउट हो गये.
फिर भी भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा के शानदार शतक और अजिंक्य रहाणे की महत्वपूर्ण पारी की बदौलत दिन का खेल ख़त्म होने तक 6 विकेट के नुक़सान पर 300 रन जोड़ लिये.
शनिवार को कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया, मगर बल्लेबाज़ी चुनना शायद टीम इंडिया के लिए उम्मीदों के अनुसार नहीं रहा.
सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल बिना खाता खोले ही पविलियन लौट गये. वो तेज़ गेंदबाज़ ऑली स्टोन का शिकार बने. स्टोन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया. पारी के दूसरे ओवर में ही भारत को यह झटका लगा.
उनके बाद, 21वें ओवर में जैक लीच की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा 21 रन बनाकर आउट हुए. बेन स्टोक्स ने पुजारा का कैच लपका.
कप्तान कोहली का भी नहीं चला बल्ला
तीसरा विकेट कप्तान विराट कोहली के रूप में 22वें ओवर में गिरा. वो भी खाता नहीं खोल पाये. डोम बेस की जगह खेल रहे मोईन अली ने उनका विकेट लिया. मोईन अली की पाँचवीं गेंद का सामना करते हुए विराट बोल्ड हुए. विराट के हाव-भाव बता रहे थे कि वे मोईन की गेंद को समझ ही नहीं पाये.
विराट के आउट होने के बाद, पूरा दारोमदार रोहित शर्मा पर था जिन्होंने अपनी ज़िम्मेदारी को बख़ूबी निभाया.
रोहित शर्मा ने पहली पारी में शानदार शतक लगाया. ये रोहित शर्मा का सातवाँ टेस्ट शतक रहा.
चाय के लिए खेल रोके जाने तक, रोहित शर्मा की शतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुक़सान पर 189 रन बना लिये थे.
फिर रोहित 73वें ओवर में 161 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए. जैक लीच की गेंद पर वे मोईन अली को अपना कैच थमा बैठे. लेकिन उनके पारी ने टीम को बड़ा सहारा दिया.
रोहित शर्मा के बाद अजिंक्य रहाणे का विकेट गिरा. रहाणे 76वें ओवर में मोईन अली की गेंद पर आउट हुए. रहाणे ने 67 रन जोड़े.
पहले दिन का खेल बंद होने से पहले, अंतिम विकेट आर अश्विन का गिरा जो 13 रन बनाकर जो रूट की गेंद पर ओली पोप को कैच थमा बैठे. आर अश्विन 83वें ओवर में आउट हुए.
पहले दिन टीम इंडिया ने 88 ओवर खेले जिनमें भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुक़सान पर 300 रन बनाये.
बल्लेबाज़ ऋषभ पंत 33 रन और अक्षर पटेल 5 रन बनाकर नाबाद पविलियन लौट गये, जो खेल के दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ायेंगे.
पहले दिन, खेल की शुरुआत में कोहली के आउट होने पर क्रिकेट विश्लेषक मज़हर अरशद ने लिखा, "यूँ तो विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 26 बार डक (शून्य के स्कोर) पर आउट हुए हैं, लेकिन यह पहली बार है जब कोहली किसी स्पिन गेंदबाज़ के सामने खाता भी नहीं खोल सके."
कुछ क्रिकेट विश्लेषकों ने लिखा कि 'जिस तरह से भारतीय पारी की शुरुआत हुई है, लग नहीं रहा कि यह मैच पाँच दिन तक चलेगा.'
वहीं पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज़ हरभजन सिंह ने लिखा, "खेल के पहले सेशन में गेंद ऐसे स्पिन हो रही है, जैसे खेल का आठवाँ दिन हो. मुझे लग रहा है कि यह मैच तीन या साढ़े तीन दिन में ही ख़त्म हो जायेगा."
दोनों टीमों में बदलाव
इस मैच में भारतीय टीम ने तीन बदलाव भी किये हैं.
वॉशिंगटन सुंदर की जगह स्पिनर कुलदीप यादव यह मैच खेल रहे हैं जो दो साल में उनका पहला टेस्ट मैच है.
वहीं टीम के सीनियर तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को आराम देकर मोहम्मद सिराज को टीम में जगह मिली है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अपनी डेब्यू सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया था.
इनके अलावा, शाहबाज़ नदीम की जगह स्पिन गेंदबाज़ अक्षर पटेल इस मैच में डेब्यू कर रहे हैं.
अक्षर पटेल भारतीय टीम की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 302वें खिलाड़ी बने हैं. पटेल की एंट्री पर पूर्व क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग ने एक मज़ाकिया ट्वीट भी किया है. उन्होंने लिखा, "दफ़ा 302 - यानी भारतीय टीम के लिए टेस्ट कैप नंबर 302. अक्षर पटेल, बस गिल्लियाँ उड़ाना."
अक्षर पटेल से पहले भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 'पटेल' सरनेम वाले पाँच खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है. अक्षर से पहले, जसु पटेल, ब्रजेश पटेल, राशिद पटेल, पार्थिव पटेल और मुनाफ़ पटेल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं.
27 साल के अक्षर बाएं घुटने में खिंचाव के चलते पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं थे.
अक्षर इस साल भारत की ओर से टेस्ट में डेब्यू करने वाले चौथे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले, नवदीप सैनी, टी नटराजन और वॉशिंटगटन सुंदर ने भी इसी साल डेब्यू किया है.
वहीं इंग्लैंड टीम में डोम बेस की जगह मोईन अली, जेम्स एंडरसन की जगह स्टुअर्ट ब्रॉड और चोटिल जोफ्रा आर्चर की जगह ओली स्टोन को शामिल किया गया है. साथ ही जोस बटलर की जगह बेन फ़ोक्स ने ली है.
भारत और इंग्लैंड के प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज.
इंग्लैंड: रोरी बर्न्स, डोमिनिक सिब्ली, डैनियल लॉरेंस, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, ओली पोप, बेन फॉक्स (विकेटकीपर), मोईन अली, स्टुअर्ट ब्रॉड, जैक लीच, ऑली स्टोन.
अंपायर: नितिन मेनन और विरेंद्र शर्मा
पहला टेस्ट भारत हार गया था
चार टेस्ट मैचों की इस क्रिकेट सिरीज़ में फ़िलहाल इंग्लैंड टीम 1-0 से आगे चल रही है.
ऑस्ट्रेलियाई मैदानों पर ज़ोरदार प्रदर्शन करने के बाद घरेलू मैदान पर पहले ही टेस्ट में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा.
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में जीत के लिए 420 रनों का पीछा करते हुए विराट कोहली की टीम महज़ 192 रनों पर सिमट गई थी.
टीम की ओर से कप्तान विराट कोहली थोड़ा बहुत संघर्ष दिखा सके, लेकिन उनकी 72 रन की पारी खेल को तीसरे सेशन तक ले जाने में भी नाकाम रही थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)