आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आईपीएल 2021 फ़ाइनल: चेन्नई ने कोलकाता को हराकर चौथी बार जीता ख़िताब
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
दुबई में खेले गए आईपीएल-2021 का ख़िताबी महामुक़ाबला महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने नाम कर लिया है.
चौथी बार चैंपियन बनते हुए उसने दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को फ़ाइनल में आसानी से 27 रनों से मात दे दी.
इसके साथ ही महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई आईपीएल की दूसरी सबसे कामयाब टीम बन गई है. उसने चार बार ख़िताब जीते हैं जबकि मुंबई इंडियंस ने पाँच बार ख़िताब अपने नाम किये हैं.
शुक्रवार को दुबई में खेले गए फ़ाइनल मुक़ाबले में कोलकाता की टीम के सामने जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य था लेकिन वह पूरे 20 ओवर खेलकर 165 रन ही बना सकी.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए चेन्नई ने सलामी बल्लेबाज़ फ़ॉफ़ डू प्लेसी के 86 रनों की मदद से केवल तीन विकेट खोकर 192 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाया.
बेहतरीन शुरुआत के बाद लड़खड़ाई कोलकाता
जीत के लिए 193 रन जैसे बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी कोलकाता की सलामी जोड़ी शुभमन गिल और वैंकटेश अय्यर ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 91 रन जोड़कर चेन्नई के गेंदबाज़ों के पसीने छुड़ा दिए. वैंकटेश अय्यर को शार्दूल ठाकुर की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने लपका लेकिन तब तक वह 32 गेंदों पर पाँच चौके और तीन छक्कों की मदद से पूरे 50 रन बना चुके थे.
मैच ने लिया नाटकीय मोड़
इसके बाद चेन्नई के गेंदबाज़ मैच पर छाते चले गए. उन्होंने 119 रन तक पहुँचते-पहुँचते कोलकाता की आधी टीम समेट दी. नीतीश राणा खाता खोले बिना शार्दूल ठाकुर की गेंद पर प्लेसी के हाथों कैच आउट हो गए.
अगले बल्लेबाज़ सुनील नारायन भी केवल दो रन बनाकर चलते बने. वह जोश हेज़लवुड की गेंद पर रवीन्द्र जडेजा के हाथों कैच हुए.
अभी चेन्नई का विकेट लेने का जश्न ख़त्म भी नहीं हुआ था कि शुभमन गिल को दीपक चाहर ने एलबीडब्लू कर दिया.
उन्होंने 43 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 51 रन बनाए.
चार विकेट 108 रन पर खोने के बाद कोलकाता ने अपनी पाँचवी विकेट 119 रन पर खो दी.
दिनेश कार्तिक केवल नौ रन बनाकर रविंद्र जडेजा की गेंद पर अंबाती रायडू के हाथों कैच हो गए.
अगली ही गेंद पर जडेजा ने शाकिब अल हसन का शिकार किया. वह बिना खाता खोले एलबीडब्लू हुए.
चेन्नई के गेंदबाज़ों की आँधी में कोलकाता के विकेट पतझड़ की तरह गिर रहे थे. ऐसे में राहुल त्रिपाठी भी दो रन बनाकर शार्दूल ठाकुर की गेंद पर मोईन अली के हाथों कैच हुए.
कप्तान इयॉन मोर्गन तो पूरे सीज़न में नहीं चले और उनकी नाकामी का सिलसिला फ़ाइनल में भी जारी रहा. वह केवल चार रन बना सके.
वह हेज़लवुड के शिकार बने.
आख़िरकार कोलकाता की टीम नौ विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी और 27 रन से हार गई.
चेन्नई को आने लगी जीत की ख़ुशबू
जब कोलकाता के आठ विकेट केवल 125 रन पर गिर गए तब मैच चेन्नई की पकड़ में पूरी तरह हो गया था. स्टेडियम में चेन्नई चेन्नई का शोर होने लगा था.
चेन्नई के शार्दूल ठाकुर ने 38 रन देकर तीन, जोश हेज़लवुड ने 29 रन देकर दो, रविंद्र जडेजा ने 37 रन देकर दो और दीपक चाहर ने 32 रन देकर एक विकेट लिए
चेन्नई की पारी
इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान इयॉन मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
विकेट पर घास नहीं थी और समान उछाल था, यानि विकेट बल्लेबाज़ों के अनुकूल था. पहली नज़र में कप्तान मोर्गन का निर्णय सहीं नहीं लगा. चेन्नई ने बल्लेबाज़ी के लिए मिली दावत का पूरा लुत्फ़ उठाते हुए निर्धारित 20 ओवर में केवल तीन विकेट पर 192 रन बनाकर दिखाया कि दुबई का यह विकेट शारजाह में खेले गए मैचों के मुक़ाबले शानदार विकेट है.
गायकवाड़ और प्लेसी ने दी बेहतरीन शुरुआत
चेन्नई की सलामी जोड़ी रितुराज गायकवाड़ और फ़ॉफ़ डू प्लेसी ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 61 रनों की साझेदारी की. इस जोड़ी ने कोलकाता के मिस्ट्री गेंदबाज़ों वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायन का जमकर सामना किया. आख़िरकार रितुराज गायकवाड़ 27 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर सुनील नारायन की गेंद पर शिवम मावी के हाथों कैच आउट हुए.
रितुराज गायकवाड़ और फ़ॉफ़ डू प्लेसी की जोड़ी इस सीज़न में कितनी ख़तरनाक साबित हुई है इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि इन दोनों ने मिलकर 756 रन बनाए है.
प्लेसी का कैच छोड़ना महँगा पड़ा
चेन्नई के सलामी बल्लेबाज़ फ़ॉफ़ डू प्लेसी ने केवल 59 गेंदों पर सात चौके और तीन ज़ोरदार छक्कों के सहारे 86 रन बनाए. उन्हें पारी के तीसरे ओवर में तब जीवनदान मिला जब अपना दूसरा ओवर कर रहे शाकिब अल हसन की पहली ही गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने प्लेसी को स्टंप करने का मौक़ा गँवा दिया.
प्लेसी ने शाकिब की गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके बल्ले पर नहीं आई. विकेटकीपर दिनेश कार्तिक भी गेंद को सफ़ाई से पकड़ नहीं सके और गेंद उनके हाथ से छिटक गई.
उथप्पा और मोईन अली ने की छक्कों की बरसात
रितुराज गायकवाड़ के आउट होने के बाद मैदान में उतरे रोबिन उथप्पा ने केवल 15 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से सुनील नारायन की गेंद पर एलबीडब्लू होने से पहले 31 रनों की तूफ़ानी पारी खेली.
उनके आउट होने के बाद मोईन अली ने भी केवल 20 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों के सहारे नाबाद 37 रन बनाकर ना सिर्फ़ रनों की रफ़्तार को तेज़ किया बल्कि चेन्नई को 192 जैसे बड़े स्कोर तक पहुँचाने में भी मदद की.
नहीं चले गेंदबाज़
कोलकाता के तेज़ गेंदबाज़ लॉकी फ़र्ग्युसन ने चार ओवर में 56 रन दिए जो शायद इस सीज़न में उनका सबसे ख़राब प्रदर्शन रहा. उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
मिस्ट्री गेंदबाज़ वरुण चक्रवर्ती ने भी चार ओवर में 38 रन दिए. केवल सुनील नारायन ही कुछ प्रभाव छोड़ सके और उन्होंने 26 रन देकर दो विकेट झटके. शिवम मावी ने 32 रन देकर एक विकेट हासिल किया.
ख़िताबी मुक़ाबला जीतने के बाद चेन्नई के तेज़ गेंदबाज़ दीपक चाहर ने कहा कि टीम को पहले विकेट की ज़रूरत थी और उसके बाद वह मैच में वापस आ गए. धोनी को लेकर उन्होंने कहा कि उनके बारे में लोग सब कुछ जानते है.
कमाल की बात है कि चेन्नई की टीम बुज़ुर्ग खिलाड़ियों की टीम कहलाती है. कप्तान धोनी चालीस पार कर चुके हैं. ब्रावो 38, प्लेसी 37, अंबाती रायडू और रोबिन उथप्पा 36-36 साल के हैं. मोईन अली और जडेजा भी 30 के पार हैं.
चेन्नई ने इससे पहले साल 2010, 2011 और 2018 में आईपीएल अपने नाम किया था.
फ़ाइनल के बाद इनामों की बौछार हुई. रविंद्र जडेजा को वैंकटेश अय्यर का कैच पकड़ने के लिए, रोबिन उथप्पा को बैस्ट स्ट्राइकर और फ़ॉफ़ डू प्लेसी को गेम चेंजर का पुरस्कार मिला.
कमाल की बात है कि पिछली बार चेन्नई आईपीएल में सांतवे नम्बर पर रही थी.
फ़ाइनल के मैन ऑफ़ द मैच फ़ॉफ़ डू प्लेसी रहे. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद विशेष है. उन्होंने रितुराज गायकवाड़ की तारीफ़ करते हुए कहा कि उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल है.
- स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें.
रितुराज गायकवाड़ को उभरते हुए खिलाड़ी का पुरस्कार मिला. उन्होंने 16 मैचों में 635 रन बनाए. फ़ॉफ़ डू प्लेसी ने भी 16 मैचों में 633 रन बनाए. ऐसा लगता है जैसे दोनों ने मिलकर चेन्नई को इस बार ख़िताब दिला दिया.
और बाद में वह पल भी आया जब बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने 20 करोड़ रूपये का चेक चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सौंपा.
धोनी ने अनुभवी खिलाड़ियों को लेकर कहा कि उनके बारे में बहुत बातें होती हैं लेकिन इस प्रारूप में दस बीस मिनट का प्रदर्शन खेल को बदल देता है.
धोनी ने दर्शकों को भी धन्यवाद दिया. धोनी और चेन्नई का जो नाता है उसे देखते हुए वह लम्हा तब और भी ऐतिहासिक लगा कि जब मिस्टर कूल धोनी ने विजेता ट्राफ़ी हाथ में आते ही उसे टीम के दूसरे खिलाड़ियों को सौंप दिया.
अगले आईपीएल में 12 टीमें खेलेंगी, हो सकता है धोनी तब चेन्नई के साथ ना हों क्योंकि वह बोली और टीम के खिलाड़ियों को दोबारा ख़रीदने पर निर्भर करेगा.
धोनी ने कहा है कि वह आगे भी खेलेंगे. इससे बेहतर ख़बर धोनी के चाहने वालों के लिए क्या होगी. भविष्य में क्या होगा कोई नहीं जानता लेकिन फ़िलहाल तो धोनी और चेन्नई के लिए जश्न का समय है.
आईपीएल-2021 के फ़ाइनल में खेलने वाली दोनों टीमें-
चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, फ़ॉफ़ डू प्लेसी, रोबिन उथप्पा, मोईन अली, अंबाती रायडू, रविंद्र जडेजा, डवेन ब्रावो, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर और जोश हैज़लवुड.
कोलकाता नाइटराइडर्स: इयॉन मोर्गन (कप्तान), शुभमन गिल, वैंकटेश अय्यर, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक, शाकिब अल हसन, सुनील नारायन, लॉकी फ़र्ग्युसन, शिवम मावी और वरूण चक्रवर्ती.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)