आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
IPL में कोहली के प्रदर्शन के बाद शास्त्री बोले- ‘दिमाग़ थक गया है, आराम देना चाहिए’
आईपीएल में मंगलवार की रात खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) के मुक़ाबले में बैंगलोर ने लखनऊ को 18 रनों से हरा दिया.
बैंगलोर के फ़ैन्स के लिए यह मैच लाजवाब रहा लेकिन विराट कोहली के क्रिकेट के फ़ैन्स के लिए यह मैच बेहद ख़राब रहा. कोहली इस मैच में पहली गेंद पर आउट हो गए.
उनके इस तरह से आउट होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि विराट कोहली का 'दिमाग़ थक गया है' और उन्हें क्रिकेट से ब्रेक की ज़रूरत है ताकि वो कम से कम अगले छह से सात साल देश के लिए खेल सकें.
इस आईपीएल सीज़न में बैंगलोर के लिए कोहली सिर्फ़ दो बार 40 से अधिक स्कोर बना पाए हैं और वो आईपीएल में अब तक सात पारियां खेल चुके हैं.
33 साल के भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ ने अब तक सभी फ़ॉर्मेट में जो अंतिम 100 मैच खेले हैं उसमें वो कोई शतक नहीं मार पाए हैं.
उन्होंने भारतीय टी-20, टेस्ट और आरसीबी टीम के कप्तान पद से इस्तीफ़ा दे दिया था जिसके बाद उन्हें भारत की एकदिवसीय क्रिकेट टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था.
शास्त्री ने क्या कहा
कोहली की कप्तानी के समय रवि शास्त्री ही टीम के कोच थे. कल के मैच के समय स्टार स्पोर्ट्स से उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि कोविड-19 के प्रतिबंधों के बीच जहां पर आप बायो-बबल में हैं वहां पर कोहली को देखभाल और सहानुभूति के साथ संभालने की ज़रूरत है.
शास्त्री ने कहा, "मैं उस मुख्य शख़्स पर यहां सीधा कहना चाह रहा हूं. विराट कोहली अब थक चुके हैं. अगर किसी को ब्रेक की ज़रूरत है तो वो वही हैं."
"चाहे दो महीने हो या डेढ़ महीने हो, या चाहे इंग्लैंड के बाद हो या इंग्लैंड से पहले हो, उन्हें ब्रेक की ज़रूरत है क्योंकि उनमें अभी 6-7 साल क्रिकेट बचा हुआ है और आप उन्हें एक थके दिमाग़ के साथ नहीं चाहते हैं."
मंगलवार को हुए मैच में बैंगलोर ने फ़ाफ़ डुप्लेसिस की 96 रनों की पारी की बदौलत लखनऊ पर 18 रनों की जीत दर्ज की.
'उसके साथ सहानुभूति दिखानी चाहिए'
शास्त्री ने कहा, "जब मैं कोच था और जिस समय यह शुरू हुआ तो मैंने सबसे पहले कहा कि आपको उसके साथ सहानुभूति दिखानी चाहिए."
"अगर आप पूरी ताक़त लगाना चाहते हैं तो दो ही बातें हो सकती हैं या तो आप सबकुछ खो देंगे या फिर आप टिके रहेंगे और बेहतर करेंगे. इसलिए आपको बेहद सतर्क रहने की ज़रूरत है."
शास्त्री ने कहा कि विश्व क्रिकेट में शायद एक या दो खिलाड़ी होंगे जो इसी समस्या से गुज़र रहे होंगे जिससे सबसे पहले निपटने की ज़रूरत है.
इस बयान पर सहमति जताते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कहा कि कोहली को खेल से कुछ समय के लिए दूर रहना चाहिए और साथ ही अपने सोशल मीडिया को भी जीवंत करना चाहिए.
उन्होंने कहा, "वो व्यक्ति हाल में बहुत परिवर्तनों से गुज़रा है जिसमें शादी से लेकर बच्चा और उनके निजी जीवन में मीडिया की जांच जैसे मामले हैं. वो शो में एक सबसे बड़े स्टार भी हैं."
"विराट कोहली को अपने क्रिकेट के जूते छह महीनों के लिए उतारकर रख देने चाहिए और कहना चाहिए कि मैं बाद में मिलूंगा. सोशल मीडिया बंद करना चाहिए और ख़ुद को फिर से सक्रिय करना चाहिए."
"जब स्टेडियम वापस फ़ुल होगा तो आप उन्हें गारंटी दे सकोगे कि आप अगले 12, 24 या 26 महीनों के लिए आप वहां टिकेंगे. उनसे कहिए कि आप हमारे बंदे हो, हम जानते हैं आप हमें प्रदर्शन करके दिखाओगे."
पीटरसन ने कहा कि कोहली को 'प्रदर्शन करके दिखाना काफ़ी मुश्किल है क्योंकि उनका दिमाग़ पूरी तरह थक चुका है.'
आईपीएल से पहले मार्च में श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान कोहली ने 23 और 13 रनों की पारी खेली थी जबकि पहले टेस्ट मैच में उन्होंने 45 रनों की पारी खेली थी.
ये भी पढ़ें..
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)