आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महिला टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड से बेहद रोमांचक मुक़ाबला 11 रन से हारा भारत
महिला टी20 वर्ल्ड कप के एक बेहद रोमांचक मुक़ाबले में इंग्लैंड ने भारत को 11 रन से हरा दिया है.
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सात विकेट पर 151 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 140 रन बना सकी.
भारत की ओर से सर्वाधिक रन उप-कप्तान स्मृति मंधाना बनाईं. मंधाना ने 41 गेंदों पर सात चौके, एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए. इसके अलावा ऋचा घोष ने 34 गेंदों पर 47 रन का योगदान दिया.
वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर केवल चार रन बना सकीं और जेमिमा रॉड्रिग्स 13 रन बनाईं.
कप्तान हरमनप्रीत जहां 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुईं वहीं 10वें ओवर की पहली गेंद पर जेमिमा रॉड्रिग्स 13 रन बना कर आउट हुईं.
भारत का पहला विकेट चौथे ओवर की आखिरी गेंद शेफाली वर्मा के रूप में आउट हुआ था. शेफाली वर्मा इंग्लैंड की गेंदबाज़ बेल की शॉर्ट गेंद को हिट करने की कोशिश में मिड ऑन पर कैच दे बैठीं.
शेफाली ने आउट होने से पहले 11 गेंद पर आठ रन बनाए. उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए 29 रन जोड़े.
भारत ने अपनी पारी की शुरुआत धीमी की. पहले दो ओवरों में केवल 11 रन बने. इसके बाद तीसरे ओवर में उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने चार चौके लगाए और टीम का स्कोर 27 रन पर ले गईं.
इससे पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप-2 के इस सबसे अहम मुक़ाबले में इंग्लैंड ने बल्लेबाज़ी करते हुए सात विकेट पर 151 रन बनाए.
इंग्लैंड की ओर से नैट सिवर बर्न्ट अर्धशतक बनाईं तो कप्तान हीथर नाइट ने 28 रन और विकेटकीपर एमी जोन्स ने महत्वपूर्ण 40 रन का योगदान दिया.
वहीं भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर ने पांच खिलाड़ियों को आउट किया.
रेणुका सिंह ने लिए पांच विकेट
ग्रुप-2 के इस सबसे अहम मुक़ाबले में भारतीय कप्तान ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया. हरमनप्रीत ने इस टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार टॉस जीता है.
भारत का यह फ़ैसला तब सही साबित होता दिखा जब रेणुका सिंह ठाकुर ने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर इंग्लैंड की ओपनर डैनी वाट को विकेट के पीछे कैच आउट कराया.
रेणुका ठाकुर ने अपने अगले दो ओवरों में दो और विकेट लिए.
अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर रेणुका ने ऐलिस कैप्सी को बोल्ड किया तो तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने इंग्लैंड की दूसरी ओपनर सोफ़िया डंकली को बोल्ड किया.
पहले पांच ओवर में इंग्लैंड ने रेणुका ठाकुर के दिए इन झटकों की वजह से तीन विकेट पर केवल 29 रन जोड़े. रेणुका ठाकुर ने मैच के आखिरी ओवर में दो और विकेट लिए और इस टूर्नामेंट में पांच विकेट लेने वालीं दूसरी गेंदबाज़ बनीं.
ये भी पढ़ें:-
शिखा पांडे का इस वर्ल्ड कप में पहला विकेट
इसके बाद कप्तान हीथर नाइट और नैट सिवर बर्न्ट की जोड़ी ने संभल कर खेलना शुरू किया और फिर इन दोनों ने रन गति को भी तेज़ी दी.
एक वक़्त 5 से कुछ ऊपर चल रही रन गति को ये दोनों बल्लेबाज़ 7 से ऊपर ले गईं और इंग्लैंड ने 10 ओवर में 72 रन बना लिए.
अभी चौथे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाज़ों ने 51 रन जोड़े ही थे कि शिखा पांडे ने कप्तान हीथर नाइट को चलता कर दिया.
हीथर नाइट ने 23 गेंदों पर 121.73 के स्ट्राइक रेट से 28 रन बनाए.
यह शिखा पांडे का इस टी20 वर्ल्ड कप में पहला विकेट था.
ये भी पढ़ें:
नैट सिवर का अर्धशतक
नाइट के आउट होने पर एमी जोन्स विकेट पर आईं और उन्होंने नैट सिवर बर्न्ट के साथ पांचवें विकेट के लिए 40 रन जोड़े.
नैट सिवर बर्न्ट ने इस दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन 50 के व्यक्तिगत स्कोर पर दीप्ति शर्मा ने उन्हें स्मृति मंधाना के हाथों कैच आउट करा दिया.
नैट सिवर बर्न्ट का यह अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 11वां अर्धशतक है. बाद में नैट सिवर ने मंधाना का कैच लिया तो दीप्ति शर्मा भी उनके ही थ्रो पर रन आउट हुईं. हालांकि गेंदबाज़ी में वे कोई विकेट नहीं ले सकीं.
नैट सिवर को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' दिया गया.
इंग्लैंड ने 20 ओवरों में सात विकेट पर 151 रन बनाए.
रेणुका ठाकुर ने मैच के आखिरी ओवर में दो और विकेट लिए. इसके साथ ही रेणुका ने इस मैच में पांच विकेट लेने का कारनामा किया.
रेणुका ठाकुर ने अपने चार ओवर में 15 रन देकर पांच विकेट लिए. वहीं शिखा पांडे और दीप्ति शर्मा को एक-एक विकेट मिले.
यह टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की महिला टीम की भारतीय महिला टीम पर छठी जीत है. अब तक भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की महिला टीम से कभी जीत नहीं सकी है.
ये भी पढ़ें:-
- महिला टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के बाद वेस्ट इंडीज़ से भी जीता भारत, दीप्ति शर्मा के रिकॉर्ड 100 विकेट
- टी20 महिला वर्ल्ड कपः रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया
- जेमिमा और ऋचा ने पाकिस्तान पर दिलाई ऐतिहासिक जीत, दिग्गज क्रिकेटर हुए मुरीद
- भारतीय महिला क्रिकेट का '83 वाला है ये लम्हा
- U19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल की टॉप स्कोरर को कितना जानते हैं आप
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)