आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आशीष नेहरा क्यों भिड़ गए हार्दिक पांड्या से, शुभमन के शतक पर भी नहीं बजाई ताली
आशीष नेहरा जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते थे, उस समय भी गेंदबाज़ी करते समय कई बार आक्रामक हो जाते थे.
अपनी गेंदबाज़ी के दौरान विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी पर नाराज़ होते आशीष नेहरा का वीडियो गाहे-बगाहे वायरल होता रहा है.
उस समय धोनी नए थे और आशीष नेहरा थोड़ा पुराने थे.
वैसे क्रिकेट मैच के दौरान आशीष नेहरा की नाराज़गी की इक्का-दुक्का ही कहानी है.
आशीष नेहरा की पुरानी बातों का ज़िक्र इसलिए हो रहा है, क्योंकि सोमवार को आईपीएल मैच के दौरान उनकी नाराज़गी चर्चा का विषय बनी हुई है.
इस दौरान गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ उनकी तकरार भी सुर्ख़ियों में है.
आशीष नेहरा आईपीएल में गुजरात टाइटंस टीम के कोच हैं.
गुजरात टाइटंस की टीम ने पिछले साल अपने पहले ही सीजन में आईपीएल का ख़िताब जीत लिया था.
उस समय से कोच आशीष नेहरा और कप्तान हार्दिक पांड्या की ख़ूब चर्चा है.
मौजूदा आईपीएल में भी गुजरात की टीम प्ले ऑफ़्स में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है.
इसे पढ़ें-
हुआ क्या था
दरअसल सोमवार को गुजरात टाइटंस की टीम का मुक़ाबला सनराइजर्स हैदराबाद से था.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नौ विकेट पर 188 रन बनाए.
जवाब में हैदराबाद की टीम 154 ही बना पाई और गुजरात की टीम 34 रन बना पाई.
इसके साथ ही गुजरात की टीम इस आईपीएल के प्ले ऑफ़ में पहुँचने वाली पहली टीम बन गई.
हैदराबाद के ख़िलाफ़ गुजरात की पारी में शुभमन गिल का शतक यादगार रहा.
शुभमन ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन जब उन्होंने आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया, तो डग आउट में आशीष नेहरा को छोड़कर सभी ने तालियाँ बजाकर गिल के शतक की तारीफ़ की.
लेकिन इस दौरान आशीष नेहरा की नाराज़गी दिख रही थी.
बाद में वे काफ़ी तमतमा गए और कप्तान हार्दिक पंड्या के साथ उनकी तकरार भी हुई.
गुजरात का पहला विकेट काफ़ी जल्दी गिर गया था.
लेकिन इसके बाद शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की और एक समय ऐसा लग रहा था कि गुजरात की टीम का स्कोर आसानी से 200 के पार चला जाएगा.
लेकिन ऐसा हुआ नहीं. गुजरात की टीम ने आख़िरी तीन ओवर्स में छह विकेट गँवा दिए.
गुजरात की पारी में हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार ने आख़िरी ओवर फेंका और इस ओवर में गुजरात की टीम ने चार विकेट गँवा दिए.
आख़िरी ओवर में गुजरात की टीम सिर्फ़ दो रन बना पाई.
माना जा रहा है कि आशीष नेहरा इसलिए नाराज़ थे क्योंकि बल्लेबाज़ों से जो उम्मीद थी, वो पूरी नहीं हो पा रही थी.
गुजरात की पारी समाप्त होने के बाद आशीष नेहरा की कप्तान हार्दिक पांड्या से भी तकरार हुई. टीम के डायरेक्टर विक्रम सोलंकी को हार्दिक पंड्या को शांत करना पड़ा.
सोशल मीडिया पर चर्चा
नेहरा की नाराज़गी और कप्तान हार्दिक पांड्या से उनकी बहस सोशल मीडिया पर सुर्ख़ियाँ बटोर रही है.
लोग ये लिख रहे हैं कि आशीष नेहरा ग़ुस्से में हार्दिक पांड्या की भी नहीं सुन रहे हैं.
सर्किल ऑफ़ क्रिकेट ने लिखा है कि गुजरात की टीम की बल्लेबाज़ी से कोच नेहरा ख़ुश नहीं थे.
आशीष नेहरा की नाराज़गी को लेकर कई लोगों ने ट्वीट किए हैं.
इस आईपीएल में गुजरात टाइटंस का सफ़र
पिछले साल की विजेता गुजरात टाइटंस की टीम ने अभी तक इस आईपीएल में 13 मैच खेले हैं.
इनमें से नौ में उसे जीत मिली और सिर्फ़ चार मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है.
नौ जीत के साथ गुजरात ने इस आईपीएल के प्ले ऑफ़ में भी जगह बना ली है.
इस बार गुजरात की टीम ने कई बेहतरीन मैच खेले और कई खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी ज़बरदस्त रहा.
गुजरात की बड़ी जीत में शामिल है- राजस्थान को नौ विकेट से हराना, कोलकाता की टीम को सात विकेट से हराना और मुंबई की टीम को 55 रनों से मात देना.
इसके अलावा भी गुजरात के खाते में कई अहम जीत रही.
गेंदबाज़ी की बात करें, तो इस आईपीएल में मोहम्मद शमी ने गुजरात की टीम के लिए कई बेहतरीन प्रदर्शन किए.
फ़िलहाल वो 23 विकेट के साथ इस आईपीएल में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं.
23 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर गुजरात के राशिद ख़ान हैं.
इसके अलावा मोहित शर्मा ने भी इस सीजन में अपनी गेंदबाज़ी से सबको प्रभावित किया है.
बल्लेबाज़ी की बात करें, तो भले ही कप्तान हार्दिक पंड्या इस बार बहुत नहीं चल पाए हैं, लेकिन शुभमन गिल ने अच्छी बल्लेबाज़ी की है.
वो भी फ़फ़ डू प्लेसिस के बाद बल्लेबाज़ी में दूसरे नंबर पर हैं.
इसके अलावा डेविड मिलर, श्रीकांत भरत, विजय शंकर और साईं सुदर्शन ने भी कई मौक़े पर अच्छी बल्लेबाज़ी की.
मुंबई के ख़िलाफ़ मैच में तो राशिद ख़ान ने इतनी बेहतरीन बल्लेबाज़ी की कि सबने जम कर उनकी तारीफ़ की.
राशिद ख़ान ने सिर्फ़ 32 गेंदों पर 79 रन बना डाले. उन्होंने अपनी पारी में 10 छक्के मारे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)