अर्नब साइक्लोन देश के इन हिस्सों में देने जा रहा है दस्तक, कई ट्रेनें रद्द

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

पूर्वी तटीय राज्यों ओडिशा और आंध्र प्रदेश ने बुधवार को चक्रवाती तूफ़ान 'अर्नब' के समुद्र तट से टकराने से पहले एहतियाती क़दम तेज कर दिए हैं.

दोनों राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है और बचाव दलों को तैयार रखा गया है.

अधिकारियों का लक्ष्य है कि किसी की जान न जाए और बुनियादी ढांचे को कम से कम नुक़सान पहुँचे.

दक्षिण भारत के प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू के मुताबिक़ आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट पर भय का माहौल है.

तटीय इलाक़ा 28 अक्तूबर को अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफ़ान अर्नब का सामना करने की तैयारी कर रहा है.

यह तारीख़ भीषण चक्रवाती तूफान 'मोंथा' की बरसी के क़रीब है, जिसने 29 अक्तूबर, 2025 की आधी रात को इसी तट पर दस्तक दी थी.

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ गया है और चक्रवाती तूफ़ान 'अर्नब' में तब्दील हो गया है.

विभाग के मुताबिक, इसके 28 अक्तूबर की सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की आशंका है.

इस दौरान हवा की अधिकतम गति 125–135 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँचने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' पिछले छह घंटों के दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है.

कई ट्रेनें रद्द

चक्रवात 'अर्नब' के कारण रेलवे ने कम से कम 61 ट्रेनें रद्द कर दी हैं. इनमें से 53 यात्री ट्रेनें मंगलवार (27 अक्तूब, 2026) और बुधवार को रद्द रहेंगी.

ये ट्रेनें विजयवाड़ा को मछलीपट्टनम, गुडीवाडा, नरसापुर, भीमावरम, राजमुंदरी, काकीनाडा पोर्ट, गुंटूर और रेपल्ले से जोड़ती हैं.

यह डेल्टा क्षेत्र उस जगह के सबसे क़रीब है, जहाँ चक्रवात के तट से टकराने की आशंका है. विशाखापत्तनम से पहाड़ी इलाक़ों की ओर जाने वाले मार्ग पर विशाखापत्तनम–किरंदुल पैसेंजर ट्रेन, जो अराकू तक जाती है, और विशाखापत्तनम–कोरापुट पैसेंजर ट्रेन 30 या 31 अक्तूबर तक रद्द रहेंगी.

विशाखापत्तनम–किरंदुल नाइट एक्सप्रेस 29 अक्तूबर से चार नवंबर तक एक सप्ताह के लिए रद्द कर दी गई है.

एयर इंडिया ने मंगलवार को यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी कि चक्रवात 'अर्नब' के कारण विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती है.

आंध्र प्रदेश के तट पर ख़राब मौसम की आशंका को देखते हुए एयरलाइन ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति की जांच करने और हवाई अड्डे पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है.

इन राज्यों में भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को कहा कि चक्रवात 'अर्नब' के कारण बुधवार (28 अक्तूबर, 2026) से शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्तूबर को दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान में भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक़, अगले 48 घंटों में कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

29 और 30 अक्तूबर को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश होने की संभावना है.

मछुआरों को 29 अक्तूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. पश्चिम बंगाल के तट के आसपास और समुद्र में 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

बुधवार से चक्रवात 'अर्नब' के कारण झारखंड के कुछ हिस्सों में तीन दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है. राज्य सरकार ने ज़िला प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

आईएमडी ने बुधवार सुबह 8.30 बजे से अगले 24 घंटों के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम ज़िलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

29 अक्तूबर को सुबह 8.30 बजे से अगले 24 घंटों के दौरान चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश होने की आशंका है.

इसके बाद बारिश और तेज़ होने की संभावना है. गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 30 अक्तूबर को सुबह 8.30 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

इन तीन दिनों के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ झोंकों वाली हवाएं चलने की भी आशंका है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.