आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बर्लिन: इस्लामिक स्टेट ने ली ट्रक हमले की ज़िम्मेदारी
तथाकथित इस्लामिक स्टेट ने बर्लिन के क्रिसमस बाज़ार पर हुए लॉरी हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
आईएस से जुड़ी अमाक़ न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक आईएस ने कहा है कि उसके एक लड़ाके ने बर्लिन के क्रिसमस बाज़ार में लॉरी से हमला किया है.
इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है और करीब 50 लोग घायल हुए हैं.
आईएस ने कहा है कि गठबंधन सेना में शामिल देशों के नागरिकों पर हमले की अपील पर उसके सैनिक ने ये हमला किया है.
इससे पहले जर्मन अधिकारियों ने लॉरी दौड़ाने के आरोप में हिरासत में लिए गए संदिग्ध को छोड़ दिया था.
जर्मन अधिकारियों का कहना है कि उसके ख़िलाफ़ मामला दर्ज करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं.
मीडिया में इस शख़्स की पहचान पाकिस्तानी नागरिक नावेद बलोच के तौर पर बताई जा रही है.
ये शख़्स पिछले साल पाकिस्तान से जर्मनी आया था. उसे हमले के नज़दीक एक पार्क से हिरासत में लिया गया था.
अधिकारियों का मानना है कि संभावना है कि एक या उससे अधिक हमलावर फ़रार हैं.
बर्लिन के संघीय अभियोजक पीटर फ्रैंक ने संवाददाताओं को बताया था कि ये हमला किसी इस्लामिक चरमपंथी हमले के जैसा है.
जर्मनी की चांसलर एंगेला मैर्केल ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि इस हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी.
क्या है क्रिसमस बाज़ार?
दरअसल, मध्य यूरोप में क्रिसमस के दिनों में जर्मनी के इस बाज़ार में चहल पहल खासी बढ़ जाती है.
यहां के स्थानीय कारोबारी इस महीने का बेसब्री से इंतज़ार करते हैं और महीनों पहले से पर्यटकों को बेचने के लिए काफ़ी सामग्री बनाते हैं. हर साल क्रिसमस के मौके पर यहां यूरोप से लाखों लोग पहुंचते हैं.
इस बाज़ार में पारंपरिक तौर पर क्रिसमस ट्री की सजावट होती है, स्थानीय धुनों का संगीत और परंपरागत म्यूज़िकल बैंड भी ख़रीददारी के एहसास को मज़ेदार बनाता है.
इसमें ड्राई फ्रूट, बिस्कट, लंबे लंबे जर्मन सॉसेज, बादाम, खिलौने, किताबें और हैंडीक्राफ्ट्स के सामान बिकते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)