आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रैपर ने किया शशिकला के मुख्यमंत्री बनने का विरोध
शशिकला का तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है. लेकिन इसे 'अलोकतांत्रिक' बताते हुए एक रैपर ने गीत तैयार किया और शशिकला के घर के सामने उसे पेश भी कर दिया.
सोफ़िया अशरफ़ ने 'माइ वोट इज़ नॉट फ़ॉर यू' (मैं आपको वोट नहीं दिया) तैयार किया है. उन्होंने इसे शशिकला के घर के सामने तो गाया ही, उसका वीडियो अपने फ़ेसबुक पेज पर भी लगा दिया.
शशिकला को उनकी पार्टी एआईएडीएमके के विधायक दल का नेता रविवार को चुन लिया गया. मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ने अपना इस्तीफ़ा राज्यपाल को सौंप दिया है.
वे पूर्व मुख्य मंत्री जयललिता की सबसे नज़दीकी समझी जाती थीं. जयललिता का देहांत कुछ हफ्तों पहले ही हुआ है.
शोफ़िया अशरफ़ के वीडियो को फ़ेसबुक पर अपलोड करने के कुछ घंटों के अंदर ही 45,000 बार लोगों ने देखा और लगभग 1,000 लोगों ने शेयर किया.
उन्होंने बीबीसी से कहा, "युवाओं में गुस्सा बढ़ता जा रहा है. ऐसे में एक ऐसी महिला को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है जिसने आज तक कोई चुनाव नहीं लड़ा. इससे लोकतंत्र में हमारी आस्था ख़त्म हो गई."
उन्होंने कहा कि उनका बैंड शशिकला के घर से थोड़ी दूर ही एक जगह कार्यक्रम कर रहा था. यकायक बैंड ने फ़ैसला किया कि गाने की कुछ लाइनें बदल दी जाएं और शशिकला के घर के सामने ही इसे गाया जाए.
वे दूसरे कुछ लोगों के साथ वहां गईं. उन्होंने गाना गाते हुए फ़ेसबुक लाइव किया. उनके मुताबिक़, वहां मौजूद लोगों ने कहा कि वह गाना गाने में कुछ भी ग़ैरक़ानूनी नहीं था.
अशरफ ने बीबीसी को बताया, "तमिलनाडु में डराने की संस्कृति बन रही है. असहमति के लिए कोई जगह नहीं है. आप सड़क पर विरोध करेंगे तो गिरफ़्तार कर लिए जाएंगे, सोशल मीडिया पर किसी के ख़िलाफ़ कुछ कहेंगे तो आप पर मानहानि का मुक़दमा कर दिया जाएगा. इसके ख़िलाफ़ मैंने अपना विरोध दर्ज किया है."