आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दिल्ली और आसपास में देर रात भूकंप के झटके लगे
रात 10 बज कर 34 मिनट पर दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. कुछ सेकेंड तक रुक रुक कर ये झटके आते रहे.
भारत के मौसम विभाग, आईएमडी ने भूकंप का केंद्र देहरादून से उत्तर पूर्व में 114 किलोमीटर दूर रुद्रप्रयाग के पास पता लगाया है.
जबकि यूरोपीयन मेडिटिरेनियन सीस्मोलॉजी सेंटर यानी ईएमएससी और यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्विस(यूएसजीएस) ने इसका केंद्र पीपलकोटी में होने की बात कही है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने आईएमडी के हवाले से रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.8 होने की बात कही है. हालांकि यूएसजीएस के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.6 थी.
दुनिया भर में भूकंप की निगरानी करने वाली पेरिस की एजेंसी ईएमएससी के मुताबिक दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल और हरियाणा में भी इन झटकों को महसूस किया गया है.
शिमला और दूसरी कई जगहों पर लोग भूकंप के झटके महसूस होने पर घरों से बाहर निकल आए.
भूकंप से अभी किसी जानमाल के नुकसान की ख़बर नहीं है.
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि गृह मंत्रालय भूकंप के बाद की स्थितियों पर नज़र रख रहा है.
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल यानी एनडीआरएफ की कुछ टुकड़ियां गाज़ियाबाद से प्रभावित इलाक़ों की ओऱ रवाना की जा रही है.