आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तमिलनाडु में बुधवार से पेप्सी, कोका कोला बंद
तमिलनाडु के व्यापारियों ने स्थानीय उत्पादों के पक्ष में कोका कोला और पेप्सी की बिक्री पर बुधवार से पाबंदी लगा दी है.
इस प्रतिबंध का प्रस्ताव राज्य के व्यापारियों के दो शीर्ष संगठनों की ओर से आया था.
संगठनों ने कहा है कि सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियां नदियों से भारी मात्रा में पानी का दोहन करती हैं जिसकी वजह से सूखे के समय पानी के लिए किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.
इंडियन बेवरेज एसोसिएशन (आईबीए) ने प्रतिबंध को लेकर निराशा जाहिर की है.
सॉफ्ट ड्रिंक्स के ज़्यादातर उत्पादकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था आईबीए ने कहा कि प्रतिबंध, 'अच्छे आर्थिक विकास की बुनियादी धारणाओं के खिलाफ़ है.'
संस्था ने कहा है, "तमिलनाडु में कोका कोला और पेप्सिको इंडिया मिलकर 2,000 परिवारों को रोज़गार मुहैया कराती हैं... आईबीए को उम्मीद है कि उपभोक्ता चुनने के अपने अधिकार को जारी रखेंगे."
अनुमान है कि राज्य में 10 लाख से अधिक दुकानदार इस प्रतिबंध का पालन करेंगे.
व्यापारियों के दो बड़े संगठन, फ़ेडरेशन ऑफ़ तमिलनाडु ट्रेडर्स एसोसिएशंस (एफ़टीएनटीए) और तमिलनाडु ट्रेडर्स एसोसिएशंस फ़ोरम (टीएनटीएएफ़) ने कहा है कि प्रतिबंध का प्रस्ताव, जल्लीकट्टु पर प्रतिबंध के खिलाफ़ पिछले महीने हुए प्रदर्शनों से प्रेरित होकर किया गया है.
एफ़टीएनटीए के अध्यक्ष था वेलैयन ने बीबीसी तमिल से कहा, "कई महीने पहले हमने सॉफ्ट ड्रिंक्स के विरोध में अभियान शुरू किया था. लेकिन इसमें तब तेजी आई जब हमने जल्लीकट्टु आंदोलन को समर्थन दिया."
इन संगठनों ने सुपरमार्केट, रेस्तरां और होटलों से प्रतिबंध लागू करने और स्थानीय व्यवसाय और किसानों की स्थिति में मदद करने की अपील की है.
प्रतिबंध पर पेप्सी और कोका कोला का कोई बयान नहीं आया है.