आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सेना के साथ मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर
- Author, माज़िद जहांगीर
- पदनाम, श्रीनगर से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
भारत-प्रशासित कश्मीर के अनंतनाग में शनिवार को सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच हुई गोलीबारी में दो चरमपंथियों की मौत हो गई है.
इस मुठभेड़ के दौरान दो आम नागरिकों की भी मौत हुई है. ये घटना श्रीनगर से करीब 60 किलोमीटर दूर अनंतनाग ज़िले के बरेंठी बटपोरा की है.
शनिवार सुबह शुरू हुआ ऑपरेशन
पुलिस और सेना को इस इलाके में चरमपंथियों के छुपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने इस पूरे इलाके को घेर लिया.
इस दौरान एक मकान में छुपे चरमपंथियों ने सुरक्षाबलों पर गोली चलाई. इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई.
इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर बशीर लश्करी अपने एक साथी समेत मारा गया है.
'सेना के लिए बड़ी कामयाबी'
पुलिस का कहना है कि मारे गए बशीर लश्करी की जम्मू-कश्मीर पुलिस के छह पुलिस कर्मियों की हत्या में अहम भूमिका थी.
पुलिस के अध्यक्ष शेष पॉल वैद ने बीबीसी को बताया, "इस मुठभेड़ में बशीर लश्करी समेत दो चरमपंथी मारे गए हैं. बशीर लश्करी मारे गए पुलिस अधिकारी फ़िरोज़ अहमद की हत्या में शामिल था. बशीर लश्करी की मौत सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है."
मुठभेड़ में दो आम नागरिकों की मौत
इस मुठभेड़ के दौरान 42 वर्षीय महिला ताहिरा की गोली लगने से मौत हो गई.
वहीं, शादाब अहमद नामक युवक को प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल हालत में श्रीनगर के स्किम्स अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सुरक्षा बलों के साथ झड़पों में कई लोग घायल बताए जाते हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
एनकाउंटर साइट पर प्रदर्शनकारियों की भीड़
इस क्षेत्र में सुबह से सुरक्षा बलों की मौजूदगी को देखते ही लोग घरों से बाहर आए और प्रदर्शन करने के साथ एनकाउंटर साइट पर जाने की कोशिश की.
इस दौरान सुरक्षाबलों और युवाओं के बीच झड़पें हुईं.
ख़बरों के अनुसार, बशीर लश्करी के मारे जाने की ख़बर फैलने के साथ ही हज़ारों लोगों ने उनके घर की तरफ़ मार्च करना शुरू किया.
बशीर लश्करी का घर एनकाउंटर साइट से क़रीब 20 किलोमीटर दूर है.
दक्षिणी कश्मीर चरमपंथ का गढ़ समझा जाता है. बीते एक महीने में क़रीब 25 चरमपंथी मारे गए हैं.
पुलिस का कहना है कि बीते साल हिज़्बुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद कई स्थानीय युवा चरमपंथ धड़ों में शामिल हो गए है, जिनमें कुछ तो मारे गए हैं.
इस बीच शनिवार को कश्मीर में जीएसटी के ख़िलाफ़ कश्मीर के व्यापार मंडल ने बंद बुलाया है. इसके साथ ही अलगाववादियों ने इस मुठभेड़ में दो आम नागरिकों की मौत पर कश्मीर बंद का आह्वान किया है.
प्रशासन ने श्रीनगर में जीएसटी विरोध प्रदर्शनों को रोकने के ख़िलाफ़ श्रीनगर के कई इलाकों में भारी सुरक्षा तैनात की है. इसके साथ ही कई इलाक़ों में लोगों के चलने फिरने पर प्रतिबंध लगाया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)