आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पुलवामा CRPF हमला: पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया- पांच बड़ी ख़बरें
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा ज़िले में सीआरपीएफ़ के एक काफ़िले पर आत्मघाती हमले में मारे गए दर्जनों जवानों के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में काफ़ी तल्खी आ गई है.
शुक्रवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के कार्यकारी उप-उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया को तलब किया. रेडियो पाकिस्तान का कहना है पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अहलूवालिया से कहा कि भारत हमले को लेकर पाकिस्तान पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है.
इस हमले में सीआरपीएफ़ के जवानों की मौत का आंकड़ा 40 से ज़्यादा पहुँच गया है. भारत का कहना है कि इसमें पाकिस्तान सीधे तौर पर शामिल है. शुक्रवार को भारत ने पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा यानी व्यापार में मिलने वाली सुविधाओं को वापस ले लिया था. पीएम मोदी ने भी कहा था पड़ोसी देश का जो ख़्वाब है वो कभी पूरा नहीं होगा.
रेडियो पाकिस्तान का कहना है कि पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अहलूवालिया को विरोध पत्र थमाया और भारत के आरोपों को सिरे से ख़ारिज कर दिया.
एक से ज़्यादा हमलावर
गुरुवार को सीआरपीएफ़ के एक काफ़िले पर हुए हमले को लेकर जांच जारी है लेकिन कहा जा रहा है कि हमले को जिस तरह से अंजाम दिया है उससे लगता है कि हमलावर एक से ज़्यादा रहे होंगे.
शुरुआती जांच में ये बात कही जा रही है कि काफ़िले पर हमले में एक छोटी कार का इस्तेमाल किया गया और इसमें विस्फ़ोटक के रूप में आरडीएक्स, सुपरजेल-90 थे. शुरुआती जांच में ये बात भी कही जा रही है कि इस हमले में कम से कम तीन से चार लोग शामिल रहे होंगे.
इसमें एक बम बनाने वाला, दूसरा भेदिया और तीसरा आदिल अहमद डार. कहा जा रहा है कि कार अल्टो या इको थी. घटनास्थल पर गाड़ी के कोई सबूत नहीं बचे हैं. शुरुआती रिपोर्ट में महिंद्रा स्कॉर्पियो होने की बात कही जा रही थी.
तमिलनाडु में बीजेपी और एआईएडीएमके में गठबंधन
तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी एआईएडीएमके और बीजेपी के बीच गठबंधन को लेकर सीटों के बँटवारे पर सहमति बन गई है.
तमिलनाडु में लोकसभा की 40 सीटें (पुडुचेरी की भी एक सीट शामिल) हैं और दोनों पार्टियों के बीच 25-15 पर सहमति बनी है. दोनों पार्टियां इस बात पर भी सहमत हैं कि अन्य छोटी पार्टियों को सीटें अपने-अपने हिस्से से देंगी.
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि बीजेपी आठ सीटों पर लड़ेगी, चार सीटें पीएमके को देगी और तीन डीएमडीके को.
महाराष्ट्र में कांग्रेस को निराशा
भारिप बहुजन महासंघ यानी बीबीएम के नेता प्रकाश आंबेडकर को महाराष्ट्र कांग्रेस बीजेपी विरोधी गठबंधन में लाने की कोशिश कर रही है. हालांकि अब कांग्रेस का कहना है कि आंबेडकर गठबंधन को लेकर उदारता और दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं और यह निराशाजनक है.
कांग्रेस का कहना है कि आंबेडकर इस बात को लेकर अडिग हैं कि कांग्रेस पार्टी उन्हें आरएसएस को संवैधानिक दायरे में लाने के लिए लिखित एक्शन प्लान दे. कांग्रेस और एनसीपी ने कहा था कि वो आंबेडकर की पार्टी को चार लोकसभा सीटें देने पर सहमत हैं.
वेनेज़ुएला पर सख़्त अमरीका
अमरीका के वित्त मंत्रालय ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार में महत्वपूर्ण भूमिकाएं रखने वाले पांच अधिकारियों के ख़िलाफ़ नए प्रतिबंध लगा दिए हैं.
इनमें वेनेज़ुएला की तेल कंपनी के प्रमुख, एक पुलिस यूनिट के प्रमुख और तीन अन्य वरिष्ठ खुफ़िया अधिकारी शामिल हैं. वेनेज़ुएला में नेतृत्व को लेकर संघर्ष जारी है. अमरीका विपक्षी नेता खुआन गोइदो को वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति के तौर पर पहले ही मान्यता दे चुका है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)