आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कोविन: कोविड-19 वैक्सीन के लिए कैसे रजिस्टर करें
भारत में कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण का तीसरा चरण 1 मई से शुरू हो रहा है. इसमें 18 साल से 44 साल के लोगों को भी टीका दिया जाएगा.
इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू हो रही है.
इस चरण में टीका लगवाने के लिए लोगों को कोविन प्लेटफॉर्म या आरोग्य सेतु एप पर जाकर वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा, सीधे अस्पताल में जाकर रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेगा.
कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया की दो वैक्सीन को इजाज़त दी थी और इसके बाद विदेश में बनी स्पूतनिक वैक्सीन को भी आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी दी गई.
यह भी पढ़ें: ‘ऑक्सीजन, बेड और मोदी’, विदेशी मीडिया में छाए
रेड्डी लैब्स की मदद से स्पूतनिक का निर्माण अब भारत में हो सकेगा. भारत सरकार ने सीआईआई और कोवैक्सीन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक को 4,500 करोड़ की सहायता राशि देने की घोषणा की है.
तीसरे चरण को हरी झंडी दिखाते हुए सरकार ने वैक्सीन निर्माताओं को 50 फ़ीसदी तक वैक्सीन राज्यों और निजी अस्पतालों को देने की इजाज़त दे दी है.
लेकिन आप ये सोच रहे होंगे कि इसके लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करना है? तो ऐसे में हम आपको बता रहे हैं हर वो बात जो तीसरे चरण के कोरोना टीकारण के लिए आपको जानना ज़रूरी है.
यह भी पढ़ें: कोरोना मरीज़ों के शवों को श्मशान पहुँचाने वाली महिला
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
- सबसे पहले cowin.gov.in की वेबसाइट पर जाएं और अपना मोबाइल फ़ोन नंबर दर्ज करें.
- आपके नंबर पर आपको एक वन टाइम पासवर्ड मिलेगा. इस नंबर को वेबसाइट पर पर लिखे ओटीपी बॉक्स में लिखें और वेरिफ़ाई लिखे आइकन पर क्लिक करें. इससे ये वेरिफ़ाई हो जाएगा.
- इसके बाद आपको रजिस्ट्रेशन का पन्ना नज़र आएगा
- यहाँ अपनी जानकारी लिखें और एक फ़ोटो आईडी भी साझा करें.
- अगर आपको पहले से कोई बीमारी है जैसे- शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा अन्य तो इसकी जानकारी विस्तार से लिखें.
- जब ये जानकारी पूरी हो जाए तो रजिस्टर लिखे आइकन पर क्लिक करें.
- जैसे ही ये रजिस्ट्रेशन पूरा होगा आपको कम्प्यूटर स्क्रीन पर अपनी अकाउंट डिटेल नज़र आने लगेगी.
इस पेज से आप अपनी अपॉइटमेंट डेट तय कर सकते हैं.
तीसरे चरण में अलग क्या होगा?
इससे पहले दो चरणों में भी सरकार ने कोविन प्लेटफॉर्म का विकल्प रखा था लेकिन इसके अलावा लोगों को ये सुविधा दी गई थी कि वो सीधे वैक्सीन सेंटर पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते थे. इस बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है.
इसके साथ ही इस तीसरे चरण में कुछ और नियम भी सरकार ने बदल दिया है. पहले-दूसरे चरण में एक व्यक्ति चार लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकता था लेकिन अब 1 मई से शुरू होने वाले चरण में एक शख़्स बस ख़ुद का ही रजिस्ट्रेशन कर सकता है.
हालांकि पहले और दूसरे चरण का टीकाकरण तीसरे चरण के साथ-साथ चलता रहेगा और 45 साल ये ज़्यादा की उम्र के लोग 1 मई के बाद भी सीधे अस्पतालों में जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे.
वैक्सीन के अलग-अलग दाम
केंद्र सरकार के अस्पतालों में वैक्सीन सभी को मुफ़्त में दी जाएगी. लेकिन राज्य सरकार के अस्पताल, निजी अस्पताल में लोगों को इसका भुगतान करना होगा. जैसे- कोवीशील्ड वैक्सीन के लिए राज्य सरकार के अस्पताल में 400 रुपए देने होंगे और निजी अस्पताल में ये टीका लगवाने के लिए 600 रुपए देने होंगे.
हालांकि अब तक भारत-बायोटेक की वैक्सीन 'कोवैक्सीन' की क़ीमत क्या होगी इस पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
जैसा कि केंद्र सरकार ने 'कोरोना वायरस वैक्सीन योजना फ़ेज़-3' के तहत बताया है कि नई कीमतें सिर्फ़ और सिर्फ़ तीसरे दौर के लिए ही लागू होंगी. जो लोग 45 साल की आयु से ऊपर हैं उन्हें इसके लिए निजी अस्पतालों में भी सिर्फ़ 250 रुपये ही देने होंगे.
उत्तर प्रदेश, असम, सिक्किम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल ने तीसरे चरण में लोगों को मुफ़्त में वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)