हांगकांग में बच्चों के दूध के स्मगलर गिरफ्तार

पुलिस ने हांगकांग से बच्चों के दूध की तस्करी करने की कोशिश कर रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया है.
हांगकांग ने हाल में ही बच्चों का दूध चीन ले जाने की सीमा तय कर दी है.
ये क़दम हांगकांग में दूध की कमी से निपटने के लिए उठाई गई है और इसके भीतर बच्चों का डिब्बा बंध दूध ले जाने की सीमा 1.8 किलो निर्धारित कर दी गई है.
अपने बच्चों की सेहत के लिए चिंतित चीन के लोगों के बीच हांगकांग से आने वाले डिब्बाबंद दूध की काफी मांग है.
चीन में साल 2008 में कैमिकल मिले दूध पीने से छह बच्चों की मौत हो गई थी.
चीन में है मांग
शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए 10 लोगों में दो लोग हांगकांग से हैं जबकि आठ लोग चीन के हैं.
व्यापारियों और पर्यटकों की वजह से हांगकांग में बच्चों के फॉर्मूला दूध की कमी हो गई है जिसकी वजह से चीन और हांगकांग के बीच तनाव पैदा हो गया है.
हांगकांग में रहने वाले ब्रूस ली ने बीबीसी को बताया, “हर सुबह दुकानों के सामने बच्चों का डिब्बाबंद दूध हासिल करने के लिए लंबी कतार लगी होती है. हमें दूध हासिल करने के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान जाना पड़ता है. अगर हम दस दुकान जाते हैं तब जाकर एक डिब्बा दूध का हासिल हो पाता है.”
पिछले महीने पूरे क्षेत्र में एक प्रसिद्ध ब्रांड का दुध खत्म हो गया था. अधिकारियों ने इस कमी के लिए चीनी खरीददारों को जिम्मेदार ठहराया था.
अधिकारियों को उम्मीद है कि नियमों में बदलाव के बाद दूध की कमी को काबू किया जा सकेगा.
गिरफ्तार किए गए लोगों को दो साल तक की सज़ा हो सकती है और उन्हें 64 हज़ार डॉलर का जुर्माना देना पड़ सकता है.






















