आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
फ़िदेल कास्त्रो बर्बर तानाशाह: डोनल्ड ट्रंप
अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फ़िदेल कास्त्रो को 'बर्बर तानाशाह' बताते हुए उम्मीद जताई है कि क्यूबा अब आज़ाद भविष्य की ओर बढ़ सकेगा.
इससे पहले उन्होंने एक ट्वीट के ज़रिए जो अपनी पहली प्रतिक्रिया दी थी, उसमें उन्होंने बस इतना कहा था, ''फ़िदेल कास्त्रो इज़ डेड''. मतलब फ़िदेल कास्त्रो की मौत हो गई.
वहीं अमरीका के मौजूदा राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फ़िदेल कास्त्रो के 'दुनिया पर बृहद असर का फैसला इतिहास करेगा.'
सबसे अधिक समय तक शासन करने वाले दुनिया के शासकों में से एक फ़िदेल कास्त्रो के निधन की उनके भाई राउल कास्त्रो ने शुक्रवार रात घोषणा की थी.
फ़िदेल कास्त्रो वर्ष 1959 में सत्ता में आए थे और उन्होंने क्यूबा को साम्यवादी क्रांति से परिचित कराया था.
फ़िदेल कास्त्रों वर्षों तक अमरीका को चुनौती देते रहे. कई बार उनकी हत्या की साज़िश रची गई लेकिन वो हर बार बचकर निकलते रहे.