आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
देश चलाना फैमिली बिजनेस नहीं-ओबामा
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उन्होंने नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को सलाह दी है कि वो व्हाइट हाउस को किसी "पारिवारिक व्यवसाय की तरह चलाने की कोशिश न करें".
अमरीकी टेलीविज़न चैनल एबीसी न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि ट्रंप को देश की संस्थाओं का "सम्मान" करना चाहिए.
उन्होंने कहा, "शपथ लेने के बाद आप दुनिया के सबसे बड़े संगठन के मुखिया बन जाते हैं."
ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे.
ओबामा ने यह चेतावनी भी दी कि चुनाव प्रचार करने और सरकार चलाने में अंतर होता है.
उन्होंने साक्षात्कार के दौरान कहा, "दुनिया भर की राजधानियों और वित्तीय बाज़ारों में ऐसे लोग हैं जो आपकी कही बातों को गंभीरता से लेंगे."
ओबामा ने अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसियों पर रूस के कथित साइबर हमले और हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनावों को प्रभावित करने की कोशिशों के बारे में भी बातें कीं. अमरीकी राष्ट्रपति ने माना कि उन्होंने इन हमलों के प्रभाव को "कम कर आंका".
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आज के नए सूचना युग में ग़लत सूचना के ज़रिए समाज को प्रभावित करने के बारे में मैंने कम अनुमान लगाया."
डोनल्ड ट्रंप ने इसके पहले अमरीकी सुरक्षा में सेंध लगाने में रूस का हाथ होने पर संदेह जताया था.