आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
गिर गया सुरंग वाला अमरीका का मशहूर पेड़
अमरीका का सबसे मशहूर पेड़ गिर गया है. कैलिफ़ोर्निया में आए भीषण तूफ़ान ने क़रीब हज़ार साल पुराने इस आकर्षक पेड़ को गिरा दिया.
इस पेड़ की खासियत ये थी कि इसके तने को तराशकर एक टनल का रूप दिया गया था जिसमें से कारें गुज़रा करती थीं.
सड़क के बीचोंबीच खड़े बेहद चौड़े तनेवाले इस पेड़ के भीतर से 137 साल पहले गाड़ियों के गुज़रने का रास्ता बनाया गया था.
लेकिन लंबे अरसे से सैलानियों और अमरीकियों के आकर्षण का केंद्र रहा ये दरख्त दशक में आए एक भीषण तूफ़ान के दबाव को झेल नहीं सका.
कैलिफ़ोर्निया और नेवादा में पिछले दिनों भारी बारिश हुई है जिससे कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं और पेड़ उखड़ गए हैं.
द कलवराज़ बिग ट्री एसोसिएशन ने जैसे ही इस ऐतिहासिक वृक्ष के गिरने की सूचना फ़ेसबुक पर शेयर की, उसपर क़रीब 2,000 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी.
समूह ने अपने फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा, "तूफ़ान इस पेड़ के लिए इस बार ज़्यादा भीषण था."
एक फ़ेसबुक यूज़र ने लिखा, "इस पेड़ के नीचे कई यादें बनी थीं. वे हमेशा अच्छी यादों के रूप में ज़हन में बनी रहेंगी."
कुछ अन्य लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया ये कहकर दी कि अगर इसे काटकर सुरंग नहीं बनाई जाती तो ये पेड़ और ज़्यादा समय तक खड़ा रह सकता था.
एक ने लिखा, "आप एक पेड़ को इस कदर काट दें और उम्मीद रखें कि वो जीवित रहे."
एक दूसरे शख्स ने लिखा, "मैं इस पेड़ को देखकर हमेशा परेशान होता था, क्या इसे काटे बिना पेड़ के बाहर से रास्ता नहीं बनाया जा सकता था."
पार्क में स्वयंसेवक जिन ऑलडे ने सोशल मीडिया में लिखा,"हमने एक पुराना दोस्त खो दिया है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)