आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सू-सू करने के लिए हाइवे पर पार्किंग स्पेस
हाइवे पर गाड़ी चलाते हुए ड्राइवर को पेशाब लगी हो तो टॉयलेट जाने के लिए वो सड़क पर अपनी गाड़ी कहाँ खड़ी करेगा? ये सवाल तो दुनियाभर में कई लोगों ने उठाए होंगे और प्रशासन की नज़र में भी होंगे, लेकिन शायद ही किसी ने इस बारे में कदम उठाने के बारे में सोचा हो.
लेकिन अब मध्य चीन के एक शहर में इस परेशानी का हल ढूँढ लिया गया है. सड़क पर अलग से पार्किंग स्पेस बनाया गया है जहाँ ड्राइवर अपनी गाड़ी खड़ी कर इसके पास स्थित शौचालयों में पेशाब कर सकते हैं.
जियान में मुख्य सड़क पर ऐसी जगहों को पीले रंग से चिन्हित किया गया है और शहर के 50 शौचालयों के पास ऐसी सुविधा दी गई है.
चीन के अख़बार हुआ शांग बाओ की ख़बर के मुताबिक इस जगह को विशेष तौर पर उन हालात में गाड़ी पार्क करने के लिए किया गया है जब चालक को शौचालय का इस्तेमाल करना हो.
इन पार्किंग स्पेस में गाड़ी को खड़ी करने की समयसीमा 15 मिनट है. इसलिए अगर कोई इस जगह पर गाड़ी खड़ी कर आराम से शॉपिंग जाने की सोच रहा हो तो वो अपने इरादों में सफल न हो पाएगा. ऐसी कोशिश करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा.
अख़बार के मुताबिक शहर की ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि वो उन गाड़ियों की जानकारी उन्हें दें जो तय सीमा से अधिक समय तक इन जगहों पर खड़ी हों.
एक स्थानीय ड्राइवर ने चाइना डेली को बताया कि वो इस बात से खुश है कि उनके लिए ऐसी जगह बनाई गई है जहाँ वो बिना पैसे का भुगतान किए गाड़ी खड़ी कर शौचालय जा सकता है.
पहले चरण में सिर्फ़ 50 शौचालयों के पास ही ये सुविधा दी गई है.
जियान में लगभग 1300 शौचालय हैं और ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वो और अधिक जगहों पर पार्किंग स्पेस देने की योजना पर काम कर रही है ताकि और अधिक लोगों को ये सुविधा मिल सके.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)