आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मेक्सिको के राष्ट्रपति का अमरीका दौरा रद्द होने की ट्रंप ने की निंदा
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मेक्सिको के राष्ट्रपति के अगले हफ्ते होनेवाले अमरीका दौरे के रद्द होने की निंदा की है.
डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि मेक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना निएटो से मुलाकात का कोई फ़ायदा नहीं अगर वो अमरीका के साथ सम्मान से पेश नहीं आते और दोनों देशों की सीमा पर दीवार बनाने का खर्च नहीं देते.
राष्ट्रपति ट्रंप फिलाडेल्फिया में रिपब्लिकन नेताओं को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि, "अमरीकी लोग दीवार का खर्च नहीं उठाएंगे."
इससे पहले मेक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना निएटो ने अगले हफ्ते अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से वॉशिंगटन में होनेवाली मुलाकात का कार्यक्रम रद्द कर दिया था.
उन्होंने ये फ़ैसला राष्ट्रपति ट्रंप की मेक्सिको-अमरीका सीमा पर दीवार बनाने की योजना पर हस्ताक्षर के एक दिन बाद लिया है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि सीमा पर दीवार बनाने का अरबों डॉलर का खर्च अमरीका मेक्सिको से वसूलेगा जिसका मेक्सिको ने विरोध किया था.
अमरीकी सीनेट के रिपब्लिकन सदस्यों का कहना है कि अमरीकी संसद ट्रंप की इस योजना को आगे बढ़ाएगी जिसपर 12 से 15 अरब डॉलर का खर्च आनेवाला है.
मेक्सिको के राष्ट्रपति पेना निएटो ने कहा कि उन्होंने 31 जनवरी का अमरीका दौरा राष्ट्रपति ट्रंप के बयान के बाद लिया है.
ट्रंप ने गुरुवार सुबह ट्विटर पर लिखा था, "अगर मेक्सिको बेहद ज़रूरी दीवार का खर्च नहीं उठाना चाहता तो अच्छा ये रहेगा कि वो आगामी बैठक स्थगित कर दे."
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता शॉन स्पाइसर ने संवाददाताओं को बताया कि अमरीका बातचीत के रास्ते खुले रखना चाहता है और दोनों नेताओं की बैठक की अगली तारीख़ पर विचार जारी है.
इससे पहले राष्ट्रपति पेना निएटो ने कहा था कि वो दीवार बनाने की योजना की निंदा करते हैं.
टीवी पर राष्ट्र के नाम संदेश में मेक्सिको के राष्ट्रपति ने कहा, "मैंने कई बार कहा है कि मेक्सिको दीवार का खर्च नहीं उठाएगा. मैं अमरीका के दीवार बनाने के फ़ैसले की निंदा करता हूं और इसे दुर्भाग्यपूर्ण मानता हूं क्योंकि इस दीवार ने सालों से दोनों देशों के बीच एकता स्थापित करने की बजाए विभाजन पैदा किया है."
पेना निएटो ने पिछले साल सितंबर में जब वो राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे, मेक्सिको सिटी में डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी और उनकी देश में काफी आलोचना हुई थी. इसका उनकी रेटिंग पर भी असर पड़ा था.
मेक्सिको से लगी क़रीब 3,200 किलोमीटर लंबी सीमा पर दीवार बनाना डोनल्ड ट्रंप के चुनावी वादों में से एक था.
बुधवार को दीवार बनाने के आदेश पर दस्तख़त करते समय उन्होंने कहा था कि अमरीका की दक्षिणी सीमा पर संकट के हालात हैं.
उनके कार्यकारी आदेश में सीमा पर गश्त बढ़ाने के लिए 10,000 आप्रवासन अधिकारियों की नियुक्ति का भी प्रस्ताव है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था, "सीमा के बिना कोई राष्ट्र राष्ट्र नहीं होता. आज से अमरीका अपनी सीमाओं पर नियंत्रण क़ायम कर रहा है."
अपने अगले कार्यकारी आदेश में राष्ट्रपति ट्रंप मध्य-पूर्व और अफ्रीका के मुस्लिम बहुल आबादी वाले सात देशों से आप्रवासन पर प्रतिबंधों का एलान कर सकते हैं.
ऐसा माना जा रहा है कि इन देशों में सीरिया, इराक़, ईरान, लीबिया, सूडान, सोमालिया और यमन शामिल हो सकते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)