आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ट्रंप और पुतिन ने इस्लामिक स्टेट पर की बात
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शनिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत दुनिया के कई नेताओं से फ़ोन पर बात की.
रूस के मुताबिक़ दोनों देश तथाकथित इस्लामिक स्टेट समेत 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद' और सीरिया के 'अन्य आतंकवादी समूहों' से साथ मिलकर लड़ने पर सहमत हुए.
अमरीका ने कहा है कि ये फ़ोन वार्ता रिश्तों को सुधारने की दिशा में अहम पहल है.
ट्रंप ने जापान, जर्मनी, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं से भी बात की.
रूस की ओर से अंग्रेज़ी में जारी बयान में दोनों नेताओं के बीच हुई पहली फ़ोन वार्ता का ब्यौरा दिया गया.
बयान में फ़ोन वार्ता को 'सकारात्मक और रचनात्मक' बताया गया है. दोनों नेताओं ने इन मुद्दों पर बात की-
- चरमपंथ के ख़िलाफ़ लड़ाई
- मध्यपूर्व और अरब-इसराइल संघर्ष
- रणनीतिक स्थिरता, परमाणु अप्रसार और ईरान का परमाणु कार्यक्रम
- उत्तर और दक्षिण कोरिया
- यूक्रेन की स्थिति
रूस ने कहा है कि दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय चरमपंथ से निपटने के लिए साझा प्रयासों पर ज़ोर दिया.
"राष्ट्रपतियों ने रूस और अमरीका के बीच सीरिया में इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकवादी समूहों को हराने के लिए साझा प्रयासों में वास्तविक समन्वय स्थापित करने की बात की."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)