आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सुरक्षा पर ट्रंप का खर्च ओबामा से कितना ज़्यादा?
ओबामा परिवार पर अमरीकी करदाताओं का सालाना ख़र्च तकरीबन 150 करोड़ डॉलर था जबकि ट्रंप के परिवार पर यह ख़र्च 36.5 करोड़ डॉलर का है, पर ये खर्चा रोज़ाना का है.
यानी ओबामा परिवार की सुरक्षा पर जितना ख़र्च साल भर में होता था, ट्रंप परिवार की सुरक्षा पर उतना खर्चा पांच दिन से कम समय में हो रहा है.
वैसे ख़र्च के हिसाब से देखें तो ट्रंप परिवार की सुरक्षा पर एक साल में 13, 322.50 करोड़ डॉलर खर्च होंगे. तुलनात्मक रूप से ओबामा परिवार पर होने वाले ख़र्चे की तुलना में 89 गुना ज़्यादा पैसा ट्रंप परिवार की सुरक्षा पर ख़र्च होगा.
ऐसे में ये सवाल भी उठता है कि अमरीकी लोग अपने राष्ट्रपति के सरकारी आवास 'व्हाइट हाउस' के अलावा उनके और कितने घरों का खर्च उठा सकते हैं.
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने बीवी-बच्चों और दो कुत्तों के साथ एक ही छत के नीचे रहते थे, लेकिन ट्रंप के साथ ऐसा नहीं है.
अमरीकी नियमों के मुताबिक़ 'फ़र्स्ट फ़ैमिली' यानी राष्ट्रपति के पूरे परिवार की सुरक्षा और सुविधाओं का ज़िम्मा सरकार का होता है और ये सुरक्षा लगभग वैसी ही होती है जैसी ख़ुद ऱाष्ट्रपति की यानी काफ़ी ताम-झाम और ख़र्च वाली सुरक्षा व्यवस्था होती है.
ट्रंप ऑर्गनाइज़ेशन
ट्रंप का मामला ओबामा परिवार से अलग है. उनका ख़ानदान बड़ा है. तीन शादियों से ट्रंप के पांच बच्चे और आठ नाती-पोते हैं.
पहली पत्नी इवाना से ट्रंप को दो बेटे और एक बेटी हैं. डोनल्ड जूनियर, एरिक और बेटी इंवाका पिता की कंपनी 'द ट्रंप ऑर्गनाइज़ेशन' का काम देखते हैं.
पत्नी मेलानिया अपने 10 साल के बेटे बैरन के साथ ट्रंप टावर में ही रहती हैं. मेलानिया के व्हाइट हाउस में न रहने की वजह बैरन की स्कूलिंग बताई जा रही है.
अमरीकी करदाता के पैसे
अमरीकी नियमों के मुताबिक राष्ट्रपति का पूरा परिवार सरकारी सुरक्षा और दूसरी सुविधाओं का हक़दार है.
और इस पर आने वाले खर्चे का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि पिछले दिनों ट्रंप के बेटे एरिक के उरुग्वे दौरे पर अमरीकी करदाताओं का एक लाख डॉलर खर्च हुआ था.
'द इंडिपेंडेंट' की एक रिपोर्ट के मुताबिक 8 नवंबर से 20 जनवरी को ट्रंप के शपथ ग्रहण तक ट्रंप टावर के इर्द-गिर्द सुरक्षा इंतज़ाम का खर्च 4 लाख डॉलर रोजाना था.
सुरक्षा पर ख़र्च
अखबार के मुताबिक ट्रंप का कुल सिक्योरिटी बिल एक मिलियन डॉलर रोज के क़रीब होने का अनुमान है. अगर ऐसा हुआ तो वे अमरीकी इतिहास के सबसे ख़र्चीले राष्ट्रपति साबित होंगे.
और इसके लिए ओबामा प्रशासन को 35 मिलियन डॉलर का बिल भी भेजा गया, इस ताकीद के साथ कि "सरकारी ख़र्चे से किसी राष्ट्रपति के एक से ज्यादा घरों का मेनटेंनेंस नहीं किया जाना चाहिए."
इस सिलसिले में न्यूयॉर्क के मेयर ने ओबामा प्रशासन को भेजी अपनी चिट्ठी में लिखा था, "शपथ ग्रहण कर लेने के बाद सरकार को ट्रंप टावर की अतिरिक्त सुरक्षा खर्च उठाने से इनकार कर देना चाहिए."
ट्रंप टावर
ट्रंप के इस ठिकाने के बाहर यूएस सीक्रेट सर्विस और न्यूयॉर्क सिटी पुलिस के सुरक्षा इंतजाम को देखकर एक गार्ड ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की ज़रूरत तो केवल अफ़ग़ानिस्तान में ही हो सकती है.
मैनहटन के बीचोंबीच मौजूद इस 664 फुट ऊंची इमारत के आसपास न्यूयॉर्क का एक और ख़ास काम होता है और ये है शॉपिंग.
न्यूयॉर्क देश का कमर्शियल कैपिटल भी है और ट्रंप के आस-पड़ोस का माहौल 'शॉपिंग के ग्राउंड ज़ीरो' की तरह लगता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)