आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन में भारतीय महिला पर हमला
चीन के शंघाई शहर के एक भीड़ भरे इलाक़े में बृहस्पतिवार को एक भारतीय महिला लीना जरियाल पर हमला हुआ है.
लीना के पति सुनील जरियाल ने आशंका जताई है कि यह एक तरह का 'हेट क्राइम' हो सकता है.
हालाँकि चीन में अब तक भारतीयों के ख़िलाफ़ किसी तरह के नस्लभेदी हमले की वारदात नहीं हुई है.
पुलिस ने हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है और कहा है कि वो मानसिक तौर पर विक्षिप्त लग रहा है.
डंडे से हमला
लीना के पति सुनील जरियाल ने बीबीसी संवाददाता मोहन लाल शर्मा से कहा, "लीना अपनी ड्यूटी ख़त्म कर मेडिकल जांच के लिए जा रही थीं और एक सड़क पर ट्रैफ़िक सिग्नल के हरे होने का इंतज़ार कर रही थीं. उसी समय एक चीनी शख़्स वहां आया. उसके हाथ में डंडा था. उसने लीना को डंडे से पीटना शुरू कर दिया. उसने सिर पर कई बार डंडे मारे.''
उन्होंने कहा कि लीना ने पास में ही खड़े पुलिस वाले से मदद की गुहार लगाई पर किसी ने कोई मदद नहीं की. इसके बाद लीना को ख़ुद ही घायल अवस्था में अस्पताल जाना पड़ा.
उनके मुताबिक बाद में अस्पताल वालों ने ही पुलिस को बुलाया जिन्होंने हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया.
लीना शंघाई के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती थीं जहाँ उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है.
लीना जरियाल केरल की हैं. वह अपने पति और दो बच्चों के साथ एक दशक से चीन में रह रही हैं.
सुनील जरियाल ने कहा, "हम चीन में पिछले 10 साल से हैं. हमने कभी सोचा नहीं था कि इस तरह कोई हमला कर सकता है. किसी तरह का कोई उकसावा नहीं था. उस आदमी से कोई जान पहचान नहीं थी.''
उनके दोस्तों और परिजनों ने ट्विटर पर भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद की गुहार लगाई थी जिसके बाद भारतीय दूतावास के अधिकारी उनका हाल-चाल पूछने अस्पताल पहुँचे और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.