आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कनाडाई दंपति ने तीसरी बार जीती लॉटरी, इस बार 82 लाख डॉलर की
एक कनाडाई दंपति ने तीसरी बार लॉटरी जीती है. इस बार उसने 82 लाख कनाडाई डॉलर का जैकपॉट जीता है.
बारबरा और डगलस फ़िंक नाम की इस दंपति ने इससे पहले 1989 और 2010 में लॉटरी जीती थी. वेस्टर्न कनाडा लॉटरी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़ फरवरी वाला जैकपॉट इनमें सबसे बड़ा था.
एडमॉन्टन में रहने वाले दंपति ने कहा कि वो लॉटरी के पैसे का उपयोग अपने बच्चों पर करेगे.
बच्चों की देखभाल
बारबरा फ़िंक ने लॉटरी आयोजकों से कहा, ''परिवार पहले आता है. हम चाहते हैं कि हमारी बेटियों और हमारे पोते-पोतियों की अच्छी देखभाल हो.''
लॉटरी में मिले पैसे का कुछ हिस्सा वो ख़ुद पर खर्च करेंगे. डगलस फ़िंक ने कहा कि उनकी योजना घूमने फिरने और घर की तलाश करने की है, क्योंकि बारबरा एक नया घर चाहती हैं, इसलिए उन्हें नया घर मिलेगा.
इससे पहले 1989 में एक लाख 28 हज़ार कनाडाई डॉलर की लॉटरी जीतने पर डगलस फ़िंक ने पैसे को अपने चार दोस्तों के साथ साझा किया था.
साल 2010 में इस दंपति ने एक लाख कनाडाई डॉलर की लॉटरी जीती थी.
इस साल यह दंपति टिकट खरीदने वाले उन दो लोगों में शामिल है, जिन्होंने लॉटरी के सभी छह नंबरों का सही-सही अनुमान लगाया था.
बारबरा फ़िंक ने कहा कि उन्होंने ही लॉटरी जीतने का पता लगाया क्योंकि उनके पति काम के सिलसिल में बाहर थे. उन्होंने पति को लॉटरी जीतने की जानकरी फ़ोन करके दी.