आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सीरिया के ख़िलाफ़ संभावित सैन्य अभियान पर बातचीत
अमरीका से आ रही ख़बरों के मुताबिक सीरिया के ख़िलाफ़ संभावित सैन्य अभियान को लेकर पेंटागन और व्हाइट हाउस में विस्तृत बातचीत चल रही है. रिपोर्ट के अनुसार सीरियाई विमानों को उड़ने न देना और नागरिकों के लिए सुरक्षित ठिकाने बनाने जैसे कदमों पर विचार हो रहा है.
अमरीका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा है कि सीरिया के भविष्य में राष्ट्रपति बशर अल असद का कोई रोल नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि मंगलवार को संदिग्ध रासायनिक हमला गंभीर मुद्दा है जिसका जवाब भी उतना ही गंभीर होना चाहिए.
अमरीका का बदला रुख़
पिछले हफ़्ते अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि राष्ट्रपति असद को हटाना अमरीका की सीरिया नीति का अब हिस्सा नहीं है.
लेकिन सीरिया में संदिग्ध रासायनिक हमले की ख़बरों के बाद से ही अमरीका का रुख़ बदल गया है.
संयुक्त राष्ट्र में अमरीका की प्रतिनिधि नेकी हेली ने बुधवार को रूस को भी आड़े हाथों लिया था. रूस ने रासायनिक हमले को लेकर सीरियाई सरकार पर लगे आरोप को ख़ारिज किया है.
वहीं तुर्की का कहना है कि मंगलवार को सीरिया में हमले के बाद पीड़ितों के शरीर की जांच से इस बात की पुष्टी होती है कि वहां रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल हुआ था.
तुर्की के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक़ जिस तत्व का इस्तेमाल किया गया वो संभवत: सैरिन था.
इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि संदिग्ध रासायिक हमलों में मारे जाने वाले लोगों में बच्चों की संख्या 27 हो गई है. सीरिया सरकार ऐसे हमले से इनकार कर रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)