आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
फ़ेसबुक से कैसे बनी वो गुच्ची की पोस्टर गर्ल
- Author, सिंडी सुई
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
डिज़ाइनर फ़ैशन कंपनी गुच्ची का एक प्रचार अभियान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
इस अभियान में कंपनी ने ताईवान की एक आर्टिस्ट की तस्वीरों को शामिल किया है.
आर्टिस्ट जॉन यूई सोशल मीडिया से जुनूनी तरीके से जुड़ी रही हैं. वो इंटरनेट की तस्वीरों के टैटू बनाकर और फिर इन टैटू वाली तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं.
लेकिन जब उनकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर गुच्ची ने साझा कीं तो ये सबसे लोकप्रिय पोस्टों में शुमार हो गईं.
जॉन यूई कहती हैं, "मैं इंटरनेट से बहुत जुड़ी रही हूं और मुझे इसकी लत सी लग गई थी."
लेकिन जबसे फ़ेसबुक तस्वीरों को अस्थायी टैटू में तब्दील कर, उन्हें तस्वीरों में इस्तेमाल करना शुरू किया उन्हें एक अलग पहचान मिलने लगी.
उन्होंने ट्विटर सीरीज़ शुरू की और उनके काम को सोशल मीडिया पर उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिलने लगी.
गुच्ची द्वारा चुनी जाने वाली वो पहली ताईवानी आर्टिस्ट हैं.
जॉन यूई कहती हैं, "एक प्रकार से सोशल मीडिया के साथ लोगों का रिश्ता आदान प्रदान वाला है."
लेकिन इस ऊंचाई तक पहुंचना उनके लिए बहुत आसान नहीं था.
वो बताती हैं, "जब मैं छोटी थी तो मुझे पेंटिंग और इस तरह की तस्वीरें बनाने का बहुत शौक था. लेकिन अचानक एक दिन मेरी दादी ने मुझसे कहा कि तुम्हे आर्टिस्ट नहीं बनना है."
वो कहती हैं, "ताईवान में बहुत सारे अभिभावक अपने बच्चों से स्थाई नौकरी और स्थायी कमाई की उम्मीद करते हैं. उन्हें नहीं लगता कि कलाकारों को भी अच्छे पैसे मिल सकते हैं या वो अच्छी ज़िंदगी जी सकते हैं."
जॉन यूई मानसिक रूप से 'बाईपोलर' बीमारी से पीड़ित हैं. इसकी वजह से उन्हें बेचैनी और अतिसक्रियता का दौरा पड़ता है.
वो कहती हैं, "अपने काम के दौरान मैं ज़्यादा शांति महसूस करती हूं और तनाव भी कम हो जाता है."
इन संघर्षों के बावजूद वो कलाकारों को अपने आप को प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करती हैं.
उन्होंने बीबीसी को बताया, "अपने काम को प्रदर्शित करने के लिए आपके पास अपना कोई स्टूडियो, एजेंसी या गैलरी की ज़रूरत नहीं होती, आपको बस इन्हें अपने आईफ़ोन या लैपटॉप के सहारे पोस्ट करना होता है."
उनका कहना है, 'इसीलिए मुझे आर्टिस्ट होना एक बेहतरीन बात लगती है.'
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)