आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरीका: 'एशियाई' को घसीटकर विमान से क्यों उतारा गया?
यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ़्लाइट से ज़बरदस्ती बाहर निकाले जा रहे एक व्यक्ति के वीडियो से सोशल मीडिया में रोष फैला है.
विमान के भीतर लिए गए वीडियो में एक व्यक्ति को घसीटकर विमान से बाहर ले जाया जा रहा है.
यूनाइटेड एयरलाइंस का ये विमान रविवार शाम शिकागो से लुइविले जा रहा था.
एयरलाइंस ने ट्वीट करके माफ़ी मांगी है और कहा है कि घटना की जांच की जा रही है.
ट्विटर पर पोस्ट किए गए पचास सेकेंड के वीडियो को सोलह हज़ार से ज़्यादा बार शेयर किया गया है.
फ़ुटेज पोस्ट करने वाले जाएस डी एंस्पैच ने ट्वीट किया, "यूनाइटेड एयरलाइंस ने क्षमता से अधिक टिकट बुक कर लिए और वो चाहते थे कि हम चार लोग मर्ज़ी से उन लोगों के लिए सीट छोड़ दें जिन्हें अगले दिन ड्यूटी पर जाना था."
किसी ने भी मर्ज़ी से सीट नहीं छोड़ी तो एयरलाइंस ने सीट खाली कराने के लिए ख़ुद ही लोगों को चुन लिया.
उन्होंने एक एशियाई मूल के डॉक्टर और उसकी पत्नी से सीट खाली करने के लिए कहा.
डॉक्टर को भी अगले दिन अस्पताल जाना था इसलिए उन्होंने भी मना कर दिया.
एंस्पैच ने लिखा, "दस मिनट बाद डॉक्टर सुर्ख चेहरे के साथ प्लेन में आए और एक कोने में चिपक गए और चिल्लाए कि मुझे भी घर ही जाना है."
एक अन्य यात्री ऑड्रा डी ब्रिजिस ने वीडियो फ़ेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ये वीडियो शेयर कीजिए. हम इस फ़्लाइट में हैं. यूनाइटेड एयरलाइंस ने क्षमता से अधिक सीटें बुक कर ली हैं."
उन्होंने लिखा, "वो लोगों को विमान से बाहर निकाल रहे हैं ताकि उनके क्रू के सदस्यों को जगह मिल सके."
उन्होंने लिखा, "ये आदमी एक डॉक्टर है और इसे अगली सुबह अस्पताल जाना है. वो विमान से उतरना नहीं चाहते हैं. हम सभी इस घटना से शर्मिंदा हैं."
इस घटना के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा ज़ाहिर किया है.
एक व्यक्ति ने लिखा, "किसी के साथ इस तरह के व्यवहार को देखना दुखद है. मैं कभी यूनाइटेड एयरलाइंस में टिकट बुक नहीं करूंगा."
कई लोगों की टिप्पणी थी कि घटना का कोई और भी पहलू हो सकता है.
आमतौर पर जब किसी फ़्लाइट में क्षमता से अधिक टिकट बुक हो जाते हैं तो एयरलाइन सीट छोड़ने वाले लोगों को गिफ़्ट वाउचर देती है.
एक बयान में यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा है कि शिकागो से लुइविले जाने वाली उड़ान संख्या 3411 में क्षमता से अधिक सीटें बुक हो गई थीं.
एयरलाइंस के कार्यकारी अधिकारी ऑस्कर मूनॉज़ ने ट्वीट किया, "ये घटना हम सबके लिए दुखद है. मैं इन ग्राहकों से माफ़ी मांगता हूं."
उन्होंने लिखा, "हमारी टीम घटना की गहन समीक्षा कर रही है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)