आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जब बेटे के साथ दफ़्तर पहुंच गए कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक बार फिर से दुनिया भर के नेताओं को ये दिखलाया कि सुर्खियों में कैसे रहा जाता है.
वे अपने तीन साल के बेटे हैड्रिन ट्रूडो को लेकर शनिवार को दफ़्तर पहुंचे थे. एक प्रधानमंत्री बहुत व्यस्त होता है.
उस रोज़ भी जस्टिन ट्रूडो के शेड्यूल में एक नेशनल लेवल की मीटिंग, हाउस ऑफ़ कॉमंस में सवालों के जवाब और देश के विश्वविद्यालयों के अध्यक्षों से मुलाकात शामिल था.
लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने बेटे के साथ लुका-छिपी खेलने के लिए वक्त निकाल ही लिया.
जूनियर ट्रूडो प्राइम मिनिस्टर ऑफ़िस में इधर-उधर खेलते-कूदते रहे और सोशल मीडिया पर जारी की गई तस्वीरों में उन्होंने सुर्खियां लूट लीं.
प्रेस और राजनेताओं से मुलाकात के वक्त भी बाप-बेटे मीडिया से रूबरू हुए और दोनों ही तरफ़ गंभीर कामकाज से लोगों का ध्यान बंटा.
फ़ेसबुक पर किसी ने कहा, "बेमिसाल... मैं बूढ़ा हो गया हूं पर मुझे वो तस्वीरें भी याद हैं जिनमें आप और आपके पिता (पूर्व प्रधानमंत्री पियरे ट्रूडो) थे... तब आप बहुत छोटे थे."
एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, "भले ही ये जनसंपर्क के लिए अच्छा कदम हो न हो, लेकिन आपको कहना ही होगा कि जस्टिन ट्रूडो एक पारिवारिक व्यक्ति हैं."
बेशक, ये कोई पहला मौका नहीं है जब इस 45 वर्षीय इंटरनेट स्टार राजनेता ने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
सीरियाई शरणार्थियों को समर्थन देने, समलैंगिकों की परेड में शामिल होने पर और ख़ुद को एक महिलावादी घोषित करने पर इस उदारवादी राजनेता को उनके समर्थकों ने सराहा है.
पिछले हफ़्ते कनाडा में रह रहे कुछ सीरियाई शरणार्थियों ने अपने बच्चों के नाम उनके नाम पर रखे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)