आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारतीय मूल की अनन्या बनीं 'स्पेलिंग बी' विजेता
अमरीका में भारतीय मूल की एक 12 वर्षीय छात्रा ने कठिन स्पेलिंग बताने की प्रतियोगिता 'स्पेलिंग बी' जीत ली है.
फ़्रेस्नो की रहने वाली अनन्या विनय ने Marocain शब्द की सही स्पेलिंग बताकर ओक्लाहोमा के 14 वर्षीय रोहन राजीव को हरा दिया.
इन दोनों प्रतियोगियों ने cheiropompholyx, durchkomponiert और tchefuncte जैसे कठिन शब्दों की सही स्पेलिंग बता दी थी.
लेकिन रोहन ने marram शब्द की ग़लत स्पेलिंग बताई और इसके बाद अनन्या ने दो मुश्किल शब्दों की सही स्पेलिंग बताकर ये प्रतियोगिता जीत ली.
जीत से उत्साहित अनन्या ने कहा कि उन्हें खेल में मज़ा आ रहा था और वो देखना चाहती थीं कि ये कितना लंबा चलेगा.
45 मिनट की प्रतियोगिता में अनन्या और रोहित के सामने कई कठिन शब्द आए.
अनन्या के पिता विनय श्रीकुमार का कहना है कि वो पढ़ने की शौक़ीन हैं.
अनन्या स्पेलिंग बी प्रतियोगिता जीतने वाली तेरहवीं भारतीय बन गई हैं.
उन्हें इनाम में चालीस हज़ार डॉलर मिले हैं. अनन्या का कहना है कि वो इसमें से कुछ पैसा अपने भाई को देंगी और बाक़ी को अपनी कॉलेज एजुकेशन के लिए अपने बैंक खाते में जमा करा देंगी.
अमरीका के सभी 50 प्रांतों, अमरीकी क्षेत्रों और जापान जैसे देशों के छह से पंद्रह आयु वर्ग के एक करोड़ दस लाख से अधिक छात्रों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था.
पिछले तेरह बार से इस प्रतियोगिता को लगातार भारतीय मूल के छात्रों ने जीता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)