आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
डोनल्ड ट्रंप ने तोड़ी इफ़्तार की 20 साल पुरानी परंपरा
पिछले दो दशकों से हर साल रमज़ान के मौक़े पर अमरीका के राष्ट्रपति आवास व्हाइट हाउस में इफ़्तार पार्टी का आयोजन किया जाता रहा है.
अमरीकी मीडिया के मुताबिक ये परंपरा राष्ट्रपति ट्रंप ने इस साल इफ़्तार या फिर ईद की पार्टी व्हाइट हाउस में आयोजित न करके तोड़ दी है.
हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप और और अमरीका की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया की ओर से शनिवार को मुसलमानों को ईद की बधाई दी गई है.
बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता ब्रजेश उपाध्याय के अनुसार, ''विदेश मंत्रालय की ओर से ईद के मौके पर डिनर रखा जाता है जिसमें पत्रकारों को भी निमंत्रण दिया जाता है, वो इस बार नहीं हुआ है. व्हाइट हाउस भी इफ़्तार या फिर ईद के डिनर का आयोजन करता रहा है. लेकिन इस साल व्हाइट हाउस की प्रेस रिलीज़ में इसका कोई ज़िक्र नहीं है.''
अमरीकी चैनल सीएनएन के मुताबिक रमज़ान के मौक़े पर व्हाइट हाउस में डिनर का आयोजन नहीं कर ट्रंप ने पिछले तीन सरकारों की परंपरा तोड़ दी है.
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक अमरीका के तीसरे राष्ट्रपति थॉमस जेफ़रसन ने 1805 में इस परंपरा की शुरुआत की थी. हालांकि इसके बाद हाल में वाइट हाउस में इफ़्तार पार्टी की शुरुआत 1996 में राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने की थी. इस परंपरा को जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा ने भी जारी रखा था.
इस डिनर में अमरीकी मुस्लिम समुदाय के अहम लोग शामिल होते थे. इसके साथ ही इसमें कांग्रेस सदस्य और मुस्लिम देशों के डिप्लोमैट भी शरीक होते थे.
1999 से अमरीकी विदेश मंत्रालय या तो एक इफ़्तार पार्टी देता था या ईद के मौक़े पर एक स्वागत समारोह में पार्टी का आयोजन करता था.
इस मौक़े पर कई डिप्लोमैट्स जुटते थे.
डोनल्ड ट्रंप अपने चुनावी कैंपेन से ही इस्लाम को लेकर आक्रामक रहे हैं. ट्रंप ने अपने चुनावी कैंपेन में मस्जिदों को निगरानी में रखने की बात कही थी.
ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद कई मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों के अमरीका आने पर पाबंदी भी लगाने की कोशिश की थी . हालांकि ट्रंप ने अपने पहले विदेशी दौरे में सऊदी अरब की यात्रा कर अपनी छवि बदलने की कोशिश की थी.
इस यात्रा में उन्होंने 55 मुस्लिम बहुल देशों के सामने आतंकवाद के ख़िलाफ़ साथ आने की अपील की थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)