आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ब्राज़ील: महिला नेता की शादी में अंडों की बरसात
ब्राज़ील की एक महिला नेता ने वामपंथी प्रदर्शनकारियों पर उनकी शादी में बखेड़ा करने का आरोप लगाया है.
25 साल की मारिया विक्टोरिया बैरोस ब्राज़ील के पराना प्रांत की स्टेट असेंबली की मेंबर हैं और उनके पिता ब्राज़ील के राष्ट्रपति माइकल टेमेर की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं.
मारिया का दावा है कि राष्ट्रपति के प्रति उनके परिवार के समर्थन के कारण वामपंथी प्रदर्शनकारियों ने उनकी शादी के मौके पर गाली गलौज और हंगामा किया.
शुक्रवार को जिस चर्च में मारिया की शादी हो रही थी, उसके बाहर सैंकड़ों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हो गए थे.
प्रदर्शनकारियों ने वहां अंडे फेंके जिसके बाद मारिया को एक बख्तरबंद गाड़ी में बिठाकर चर्च से बाहर निकाला गया.
मारिया की शादी में उनके पिता रिकार्डो बैरोस, उनकी मां जो पराना की डिप्टी गवर्नर भी हैं के अलावा ब्राज़ील की राजनीति के तमाम बड़े नाम शिरकत कर रहे थे.
इस शादी के लिए ब्राज़िलियन कॉन्ग्रेस के कम से कम 30 सदस्यों को पराना की राजधानी क्यूरीटिबा आने की दावत दी गई थी.
प्रदर्शनकारी वहां सरकार विरोध नारे लगा रहे थे और मारिया पर सरकार के तख्तापलट की साजिश को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा था.
नए जोड़े और उनके मेहमानों को सुरक्षित हटाने के लिए आख़िरकार दंगा पुलिस बुलाई गई.
पराना के गवर्नर पोस्ट के लिए मारिया की मां सिडा बोरगेटी ने हाल ही में चुनाव लड़ने के घोषणा की है और इसके लिए उन्हें वामपंथी पार्टियां और यूनियन फंड दे रहे हैं.
मारिया का दावा है कि ये विरोध प्रदर्शन इसी वजह से हुए. साथ ही उन्होंने कहा, "यह लोकतंत्र की क़ीमत है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)