आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
टेक्सस में 'भारी तबाही लाएगा' चक्रवात हार्वी
अमरीका के टेक्सस प्रांत पर समुद्री तूफ़ान हार्वी का ख़तरा मंडरा रहा है.
प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि ये तूफ़ान 'बहुत बड़ी त्रासदी' साबित हो सकता है.
हार्वे फ़िलहाल मैक्सिको की खाड़ी में है और टेक्सस की ओर आगे बढ़ रहा है.
प्रांतीय गवर्नर ग्रेग एबॉट ने पिछले बारह सालों में अब तक के सबसे ख़तरनाक साबित हो सकने वाले इस चक्रवात से निबटने के लिए संघीय मदद की गुहार लगाई है.
एबॉट ने कहा, "हार्वी अब बेहद ख़तरनाक चक्रवात बनता जा रहा है."
अनुमान के मुताबिक ये चक्रवात स्थानीय समयानुसार शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह टेक्सस के तट से टकरा सकता है.
अमरीका के राष्ट्रीय चक्रवात केंद्र ने चेतावनी दी है कि चक्रवात के कारण ह्यूस्टन के आसपास जानलेवा बाढ़ आ सकती है.
क़रीब सवा तीन लाख की आबादी वाला शहर कॉर्पस क्रिस्टी चक्रवात के रास्ते में पड़ रहा है.
राष्ट्रपति ट्रंप के नाम लिखे पत्र में एबॉट ने कहा है, "भारी बारिश के साथ आ रहे तूफ़ान के कारण अरबों डॉलर की संपत्ति का नुकसान हो सकता है और बहुत संभव है कि जानें भी जाएं."
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में टेक्सस प्रांत में इस चक्रवात के कारण भारी बारिश हो सकती है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)