आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
उत्तर कोरिया पर संयुक्त राष्ट्र की आपात बैठक, ट्रंप बोले- 'सभी विकल्प खुले'
उत्तर कोरिया की ओर से जापानी हवाई क्षेत्र से होकर मिसाइल छोड़ने के ताज़ा मामले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक बुलाई है.
बैठक से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेश ने कहा कि मिसाइल का परीक्षण उस क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को चुनौती देने के समान है. उन्होंने उत्तर कोरिया से अंतरराष्ट्रीय नियमों को मानने की अपील की.
बैठक से पहले संयुक्त राष्ट्र में अमरीकी राजदूत निकी हेली ने कहा कि अब कोई गंभीर कार्रवाई होनी ही चाहिए.
उन्होंने कहा, "बहुत हो गया. जापान में कुल 13 करोड़ लोग रहते हैं और जैसा उनके साथ हुआ किसी भी व्यक्ति के ऊपर से मिसाइल नहीं जानी चाहिए."
संयुक्त राष्ट्र का अपमान: अमरीका
मंगलवार सुबह उत्तर कोरिया से छोड़ी गई मिसाइल करीब 2700 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जापान के होकाइडो द्वीप के ऊपर से होकर गुज़री थी और फिर समुद्र में जा गिरी थी.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि उत्तर कोरिया का जापान की ओर किया गया ताज़ा मिसाइल परीक्षण उसके पड़ोसी देशों और संयुक्त राष्ट्र का अपमान है.
व्हाइट हाउस की ओर से जारी किए गए बयान में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि दुनिया को उत्तर कोरिया का ताज़ा संदेश बहुत साफ़ साफ़ मिल गया है.
'युद्ध की तैयारी के समान'
ट्रंप ने कहा, 'धमकी भरे और अस्थिरता फैलाने के कामों से उत्तर कोरिया दुनिया के बाकी देशों से खुद को और अलग-थलग कर लेगा. सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. '
उत्तर कोरिया का कहना था कि अमरीका दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास कर उसे भड़का रहा है जो कि युद्ध की तैयारी के समान है.
रूस और चीन ने भी सैन्य अभ्यास को तनाव की वजह माना है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)