आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मेक्सिको में 7.1 तीव्रता का भूकंप, 200 से ज़्यादा लोगों की मौत
मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी में आए शक्तिशाली भूकंप में 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों इमारतें जमींदोज़ हो गई हैं.
राहतकर्मी मलबों में जीवित बचे लोगों की तलाश का अभियान चला रहे हैं और अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
मेक्सिको सिटी के एक स्कूल के बारे में माना जा रहा है कि वहां बच्चे फंसे हो सकते हैं. बड़े पैमाने पर वॉलेंटियर्स आपातकालीन सेवाओं के लिए तैनात हैं.
मेक्सिको के राष्ट्रपति ने टीवी पर दिए एक संदेश में कहा कि सेना बुलाई गई है और बचाव और राहत कार्य रात में भी जारी रखा जाएगा.
रिक्टर पैमाने पर 7.1 की तीव्रता वाले भूकंप ने मेक्सिको सिटी, मोरलियोस और पुएब्ला प्रांतों में भारी तबाही मचाई है.
मेक्सिको में 32 साल पहले ठीक इसी तारीख को एक तबाही वाला भूकंप आया था जिसमें 10,000 लोग मारे गए थे.
मंगलवार को मेक्सिको सिटी में लोग भूकंप के समय बचाव कैसे किया जाए उसका ड्रिल कर रहे थे तभी ये तबाही हुई.
मेक्सिको सिटी के एयरपोर्ट पर थोड़ी देर के लिए विमान यातायात रोक दिया गया था और पूरे शहर की इमारतें खाली करवा ली गई थीं.
मेक्सिको में भूकंप की संभावना ज्यादा रहती है.
इसी महीने रिक्टर पैमाने पर 8.1 की तीव्रता का भूकंप देश के दक्षिणी हिस्से में आया था जिसमें कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई थी.
मंगलवार के भूकंप का केंद्र पुएब्ला प्रांत के एटेंसिगो के करीब था.
ये इलाका मेक्सिको सिटी से 120 किलोमीटर की दूरी है. अमरीकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप की गहराई 51 किलोमीटर थी.
अकेले मोरलियोस राज्य में 54 लोग मारे गए हैं और पुएब्लो में 26 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
मेक्सिको सिटी में 30 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है जबकि मेक्सिको प्रांत में नौ लोगों की मौत हुई है.
भूकंप स्थानीय समय के अनुसार एक बजकर 14 मिनट पर आया.
देश के राष्ट्रपति एनरिक पेना निएटो ने लोगों से अपील की है कि वो सड़कों पर न रुकें ताकि इमरजेंसी सेवाएं आसानी से प्रभावित इलाकों में पहुंच सकें.
राजधानी के कई इलाकों में फ़ोन सेवा बाधित है और क़रीब 40 लाख लोग बिना बिजली के हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया है, "ईश्वर मेक्सिको सिटी के लोगों का ख़्याल रखें. हम आपके साथ हैं और हमेशा साथ रहेंगे."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)