आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मारिया की बिजली पर मार, अंधेरे में 35 लाख लोग
चक्रवातीय तूफ़ान मारिया ने कैरिबियाई द्वीप प्यूर्टो रिको पर गहरा असर छोड़ है.
आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पूरा द्वीप पर बिजली की आपूर्ति बंद है.
प्यूर्टो रिको में तकरीबन 35 लाख लोग रहते हैं. यहां के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख अबनेर गोमेज़ ने बताया कि प्यूर्टो रिको के एक भी बाशिंदे के यहां बिजली नहीं है.
चक्रवातीय तूफ़ान
अमरीका के नेशनल हरीकेन सेंटर के मुताबिक द्वीप के कुछ हिस्सों में पानी बढ़ रहा है.
हालांकि मारिया अब प्यूर्टो रिको से आगे बढ़ गया है और कमज़ोर पड़ रहा है. फिलहाल इसकी क्षमता दूसरी कैटगेरी के चक्रवातीय तूफ़ान की है.
अबनेर गोमेज़ ने एक स्थानीय अख़बार को बताया कि जब हम बाहर निकलने की स्थिति में होंगे तो हम देखेंगे कि हमारा द्वीप बर्बाद हो चुका है. इस चक्रवातीय तूफ़ान के रास्ते में जो भी आया, सब बर्बाद हो गया.
ताक़तवर तूफ़ान
इस अमरीकी क्षेत्र के गवर्नर रिकार्डो रोज़ेलो ने बुधवार शाम से शनिवार सुबह तक के लिए यहां क़र्फ्यू लगा दिया है.
मारिया जब प्यूर्टो रिको पहुंचा तो लोगों ने महसूस किया कि बीते सौ साल में इतना ताकतवर तूफ़ान नहीं आया था.
सैन जुआन के गवर्नर ने यहां के लोगों को शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक घर में रहने का आदेश दिया है.
आपातकालीन स्थिति
आदेश का मक़सद लोगों को दुर्घटनाओं से बचाना है क्योंकि जहां-तहां बिजली के तार गिरे हुए हैं और सड़कों पर मलबा बिखरा हुआ है.
हज़ारों लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां और आपातकालीन स्थिति के लिए बनाए गए ठिकानों पर शरण ले रखी है.
जब तूफ़ान पूरी तरह से थम जाएगा तभी बाहर निकलने पर लोगों को प्यूर्टो रिको में हुए नुक़सान का पूरी तरह से अंदाजा लग पाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)