आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
वियतनाम: तूफ़ान से 230 मौतें, लाखों बेघर
दक्षिणी चीन सागर के रास्ते आए ख़तरनाक तूफ़ान टेंबिन के कारण दक्षिणी वियतनाम में लाखों लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है.
राष्ट्रीय आपदा निवारण समिति का कहना है कि 70,000 से भी अधिक लोगों को पहले ही निचले इलाकों से निकाला जा चुका है.
तूफ़ान टेंबिन इससे पहले फ़िलीपींस में पहले ही काफ़ी तबाही मचा चुका है. यहां कम से कम 230 लोगों की मृत्यु हो गई और 75,000 लोग बेघर हो गए हैं.
राहत और बचाव दल अभी 100 से अधिक लापता लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान चला रहा है.
फ़िलीपींस के मिंडानो द्वीप में पुल और रोड पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं. यहां के हज़ारों घर और चावल के खेत पानी में डूब गए हैं.
रॉयटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वियतनाम में सरकार ने आदेश दिया है कि तेल रिग और जहाजों को सुरक्षित रखा जाए. चेतावनी दी है कि लगभग 62,000 मछली पकड़ने वाली नावें समुद्र में न निकलें.
वियतनाम के प्रधानमंत्री गुयेन ज़ुआन फुक ने कहा, "अगर जरूरी हो तो तेल रिग को बंद कर दें और मज़दूरों से जगह खाली करवा दें."
ईसाई बहुल फ़िलीपींस की बजाय सोमवार का दिन वियतनाम में कामकाजी रहा.
लनाओ डेल सुर के प्रांत में स्थानीय आपदा प्रबंधक विशेषज्ञ सरिपदा पकासुम ने बीबीसी को बताया कि तूफ़ान की चेतावनी लोगों को दी जा चुकी थी लेकिन लोग तूफ़ान की विशालता से हैरान थे.
उन्होंने बताया, "हम ऐसे मौसम आये दिन देखते रहते हैं लेकिन यह थोड़ा अलग है. यह काफ़ी शक्तिशाली है."
"मेरे अब तक के अनुभव में ये सबसे शक्तिशाली है. जिसमें पानी इतनी तेज़ी से ऊपर बढ़ा."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)