आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
उत्तर और दक्षिण कोरिया साथ खेले, पर हार गए
भारी सियासी उठापटक और फिर राज़ीनामे के बाद आख़िरकार उत्तर और दक्षिण कोरिया की महिला आइस हॉकी खिलाड़ी एक टीम में, एक झंडे के साथ खेलने उतरीं.
हालांकि इस अभ्यास मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
दक्षिण कोरिया में होने वाले प्योंगचैंग ओलंपिक से पहले कोरिया की यह संयुक्त टीम स्वीडन के खिलाफ खेल रही थी.
स्वीडन की टीम ने कोरियाई टीम को 3-1 से हरा दिया.
संयुक्त कोरियाई टीम और स्वीडन की टीम का सामना शुक्रवार से शुरू होने वाले खेलों में एक बार फिर होगा.
द. कोरिया में कुछ लोग नाराज़
इससे पहले एक विवादास्पद समझौते के बाद दोनों पड़ोसी देश संयुक्त कोरियाई झंडे के साथ एक टीम में खेलने के लिए सहमत हुए.
9 से 25 फरवरी के बीच दक्षिण कोरिया में होने वाले शीत ओलंपिक में उत्तर कोरिया की हिस्सेदारी को दोनों देशों के बीच कड़वाहट दूर करने के मौक़े की तरह देखा जा रहा है.
इस कदम से दक्षिण कोरिया के कुछ लोग चिंतित भी हैं. उनका मानना है कि संयुक्त टीम होने से उनकी टीम के पदक जीतने के मौके कम हो जाएंगे.
बीबीसी संवाददाता ने बताया कि खेल देखने आई भीड़ दीवानी हो गई थी. हालांकि खेल मैदान के बाहर संयुक्त टीम के ख़िलाफ एक छोटा विरोध प्रदर्शन भी किया गया.
9 से 25 फरवरी तक चलने वाली ओलंपिक खेलों में उत्तर कोरिया की भागीदारी पर सबकी नज़रें हैं.
आइस हॉकी खिलाड़ियो के साथ-साथ इसके एथलीट्स स्कीइंग और स्केटिंग में भी हिस्सा लेंगे.
उत्तर कोरिया ने अपने सैकड़ों प्रतिनिधि, चीयरलीडर्स और परफ़ॉर्मर भी भेजे हैं.
दक्षिण कोरिया की यूनिफिकेशन मिनिस्ट्री ने एक-दूसरे के बीच जान-पहचान बढ़ाने के लिए आइस हॉकी टीम की कुछ तस्वीरें जारी की हैं.
इसी हफ़्ते ख़बर आई थी कि ओलंपिक खेल शुरू होने से एक दिन पहले 8 फरवरी को उत्तर कोरिया एक बड़ी सैन्य परेड करने वाला है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन सुर्खियों के बीच उत्तर कोरिया ने कहा कि किसी को उसकी योजनाओं को 'मसला' बनाने का हक़ नहीं है. इसके बाद उत्तर कोरिया ने दक्षिण के साथ होने वाला एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)