आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीनी माल पर 25 प्रतिशत टैक्स लगेगा: डोनल्ड ट्रंप
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप चीनी माल पर 25 प्रतिशत टैक्स लगा रहे हैं. ये चीनी माल 50 अरब डॉलर का है.
राष्ट्रपति ट्रंप का आरोप है कि चीन ने बौद्धिक सम्पदा अधिकार चुराए हैं.
25 प्रतिशत टैक्स चीन के 800 से अधिक उत्पादों पर लगाया जा रहा है. ये टैक्स 6 जुलाई से लागू होगा.
जिन 800 से अधिक उत्पादों पर टैक्स लगाया जा रहा है, उनमें चीन के साथ अमरीका का सालाना व्यापार 34 अरब डॉलर का है.
व्हाइट हाउस का कहना है कि बाक़ी 16 अरब डॉलर के उत्पादों पर टैक्स लगाने के बारे में परामर्श किया जाएगा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी है कि चीन ने यदि पलटवार किया तो अमरीका उस पर और अधिक टैक्स लगाएगा.
चीन और अमरीका के बीच ट्रेड वॉर की आशंका से यूरोप और अमरीका के शेयर बाज़ारों में गिरावट आई है.
चीन का कहना है कि वो अमरीका के साथ वैसा ही व्यवहार करेगा जैसा अमरीका उसके साथ कर रहा है.
चीन ने कहा है कि अमरीका जिस पैमाने पर जितना टैक्स उसके उत्पादों पर लगा रहा है, चीन भी अमरीका के उत्पादों पर उसी हिसाब से उतना ही टैक्स लगाएगा.
चीन ने ये भी कहा है कि अमरीका ने क़ारोबारी प्रतिबंध लगाए तो दोनों के बीच सभी व्यापार वार्ताएं शून्य हो जाएंगी.
ट्रेड वॉर क्या है?
ट्रेड वॉर को हिंदी में कारोबार के ज़रिए युद्ध कह सकते हैं. किसी दूसरे युद्ध की तरह इसमें भी एक देश दूसरे पर हमला करता है और पलटवार के लिए तैयार रहता है.
लेकिन इसमें हथियारों की जगह टैक्स या ड्यूटी का इस्तेमाल करके विदेशी सामान को निशाना बनाया जाता है.
ऐसे में जब एक देश दूसरे देश से आने वाले सामान पर टैरिफ़ यानी कर बढ़ाता है तो दूसरा देश भी इसके जवाब में ऐसा ही करता है और इससे दोनों देशों में टकराव बढ़ता है.
इससे देशों की अर्थव्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं जिससे दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)