आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जंगलों में कैसे लगती है भीषण आग?
ग्रीस की राजधानी एथेंस के आसपास अटिका इलाक़े के जंगलों में लगी आग में कम से कम .
बताया जा रहा है कि पिछले एक दशक की यह सबसे भयावह आग है.
सैंकड़ों दमकल आग पर काबू पाने के लिए लगाए गए हैं.
आग इतनी तेज़ है कि इसे रोकने के लिए ग्रीस अंतरराष्ट्रीय मदद चाहता है.
विदेशों में जंगलों में आग लगने की ख़बर अक्सर सुनने और पढ़ने को मिलती है. पिछले साल अक्तूबर के महीने में कैलिफोर्निया के जंगलों में ऐसी ही भयावह आग लगी थी.
आख़िर जंगलों में आग कैसे लगती है और इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है?
जंगल में आग कैसे लगती है?
आग के लिए तीन चीज़ों की ज़रूरत होती हैः ईंधन, ऑक्सीजन और ताप.
जब गर्मी अपने परवान पर होती है, पूरे जंगल को अपने आगोश में लेने के लिए एक हल्की चिनगारी काफ़ी होती है.
ये चिनगारी जंगलों से गुज़रने वाली ट्रेनों के पहियों से निकल सकती है या फिर टहनियों की रगड़ से.
सूरज की तेज़ किरणें और ठनक भी आग को बढ़ावा देती है.
हालांकि ज़्यादातर आग इंसान की लापरवाही के चलते लगती आई है. जैसे कैंप फायर, सिगरेट का जलता टुकड़ा, पटाखें और माचिस की तिल्लियां इसकी वजहें रही हैं.
ये आग इतनी तेज़ी से क्यों फैलती है?
अगर आग एक बार लगती है तो इसे हवा बढ़ावा देती है. अगर हवा तेज़ गति से चल रही है तो आग तेज़ी से जंगल में फैलती है.
गर्मी अपने परवान पर होती है तो जंगल में पेड़ों की टहनियां और शाखाएं सूख जाती हैं, जो आसानी से आग पकड़ लेती हैं.
अगर जंगल में ढलान है तो आग और तेज़ी से फैलती है. आग पहले सूखे घास में फैलती है, फिर पेड़ों को और धीरे-धीरे आसपास के घरों को.
जितनी सूखे ईंधन जंगलों में होंगे, आग उतनी ही ख़तरनाक होगी.
मौसम कितनी बड़ी वजह?
बारिश का कम होना, सूखे जैसी स्थिति, गर्म हवाओं का चलना और ज्यादा तापमान, ये सभी जंगलों में आग के लिए ज़िम्मेदार होते हैं.
जैसे-जैसे प्राकृति का दोहन बढ़ रहा है, वातावरण में संतुलन बिगड़ रहा है. इसकी वजह से बारिश कम हो रही है, गर्मी ज़्यादा होने लगी है, जिसके कारण जंगलों में आग का ख़तरा बढ़ता जा रहा है.
आग पर काबू कैसे पाया जा सकता है?
विशेषज्ञ आग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए विशेष टूल का इस्तेमाल करते हैं, जो तापमान, हवा की गति जैसे मानकों की जांच करती है.
इन मानकों के ख़तरनाक स्तर पर पहुंचने से पहले आग को रोकने के प्रयास किए जाते हैं. जैसे जंगल के इलाक़ों में बीच-बीच में गड्ढे खोद देना ताकि आग आगे न फैल सके.
साथ ही जंगलों से उन सभी चीज़ों को हटा दिया जाता है, जो चिनगारी पैदा करती हो.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)